गुरुग्राम: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि लोगों के रुके हुए काम अब और लटकने नहीं चाहिए। सोमवार को हुई लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में उन्होंने साफ कहा कि सभी लंबित मामलों को जल्दी खत्म किया जाए।

बैठक में सीएम ने 11 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया। वहीं 4 मामलों को अगली बैठक के लिए रखा गया और अधिकारियों को उनकी रिपोर्ट तैयार रखने को कहा गया।
सीएम सैनी ने कहा कि अफसरों को लोगों की परेशानी समझनी चाहिए और तुरंत काम करना चाहिए। उन्होंने दो टूक कहा कि सरकार का काम फाइलें चलाना नहीं, बल्कि जनता को राहत देना है।
चौकों को सुंदर बनाने के आदेश
सीएम ने रेजांगला चौक और अतुल कटारिया चौक को साफ और सुंदर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन जगहों पर हरियाली बढ़ाई जाए और सफाई का खास ध्यान रखा जाए, ताकि शहर अच्छा दिखे।
दौलताबाद में कब्जा हटाने के निर्देश
दौलताबाद गांव से आई शिकायत पर सीएम ने तुरंत एक्शन लिया। खेत के रास्ते पर किए गए कब्जे को हटाने के आदेश दिए और कहा कि लोगों का रास्ता साफ होना चाहिए।
सेक्टर-10 की सीवरेज समस्या पर फैसला
सेक्टर-10 के लोगों ने सीवरेज की समस्या बताई, जिस पर सीएम ने नया सिस्टम बनाने का प्लान तैयार करने को कहा। जब तक नया सिस्टम नहीं बनता, तब तक सफाई और पानी निकासी का ठीक इंतजाम करने के निर्देश दिए।
