गुरुग्राम में अवैध कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन (C&D) वेस्ट डंपिंग पर कार्रवाई कर रही नगर निगम गुरुग्राम की सेनिटेशन सिक्योरिटी फोर्स (SSF) की टीम सड़क हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार पिकअप वाहन की टक्कर से नगर निगम की सरकारी गाड़ी पलट गई, जिसमें सवार चार कर्मचारी घायल हो गए।

हादसा 18 जनवरी 2026 की सुबह थाना भोंडसी क्षेत्र में हाईवे पर हुआ। नगर निगम की सरकारी गाड़ी सुभाष चौक से भोंडसी की ओर गश्त पर थी। वाहन को ड्राइवर नवीन चला रहा था, जबकि उसमें नगर निगम के कर्मचारी अरुण, सचिन और एसपीओ राकेश सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने अचानक कट मारा और लापरवाही से वाहन चलाते हुए नगर निगम की गाड़ी को टक्कर मार दी। पिकअप की पिछली साइड सरकारी वाहन के ड्राइवर साइड से जा टकराई, जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में ड्राइवर नवीन, एसपीओ राकेश, डीईओ अरुण और कर्मचारी सचिन को चोटें आईं।
घटना के समय पीछे चल रही नगर निगम की दूसरी पेट्रोलिंग टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने पलटी हुई गाड़ी को सीधा कराया और घायलों को बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिलवाया।
पुलिस जांच में जुटी
इस मामले में भोंडसी थाना पुलिस ने अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने एफआईआर नंबर 27, दिनांक 18 जनवरी 2026 को भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 281 और 125(ए) के तहत दर्ज किया है। आरोपी वाहन और चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
अवैध डंपिंग पर सख्त रुख
नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने बताया कि सेनिटेशन सिक्योरिटी फोर्स सप्ताह के सातों दिन, 24 घंटे अवैध C&D वेस्ट डंपिंग पर निगरानी कर रही है। जुलाई माह से अब तक निगम द्वारा 324 चालान काटे जा चुके हैं और करीब 82.95 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
उन्होंने बताया कि इससे पहले भी 33 वाहन मालिकों और चालकों के खिलाफ 29 एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी हैं और लगभग 54 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि सड़कों, खाली प्लॉटों, नालों, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर निर्माण मलबा या कचरा डालना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में नगर निगम की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
