गुरुग्राम में साइबर ठगों का कहर! तीन लोग बने शिकार, जानिए कैसे…

गुरुग्राम शहर में साइबर अपराधी लगातार सक्रिय हैं और अलग-अलग तरीकों से लोगों को ठग रहे हैं। ताजा मामलों में गुरुग्राम के तीन अलग-अलग इलाकों से तीन लोगों के साथ साइबर ठगी की घटनाएं सामने आई हैं। इनमें किसी से इलेक्ट्रिकल सामान के सप्लायर बनकर ₹1.58 लाख, किसी से फर्जी पुलिसकर्मी बनकर ₹83,500 और एक व्यक्ति के खाते से ₹18,500 की धोखाधड़ी की गई है। सभी मामलों में पीड़ितों की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इलेक्ट्रिकल सप्लायर बनकर ठगी
फरुखनगर के डाबोदा गांव निवासी शिवकुमार ने साइबर थाना मानेसर में शिकायत दी है कि वह सनसाइन एंटरप्राइजेज के माध्यम से डीएलएफ फेज-3 में सड़क पर इलेक्ट्रिकल वर्क्स का काम करते हैं। बीते दिनों उन्होंने कुछ इलेक्ट्रिकल सामान मंगाने के लिए ऑनलाइन सर्च किया। इस दौरान उन्हें एक मोबाइल नंबर मिला, जिस पर कॉल करने पर ठग ने खुद को सप्लायर बताया।

ठग ने रेट लिस्ट और कोटेशन भेजने के बाद सामान की डिलीवरी के नाम पर ₹1,58,000 ट्रांसफर करवा लिए। जब रुपये भेजने के बाद भी सामान नहीं पहुंचा, तो शिवकुमार ने दोबारा फोन करने की कोशिश की, लेकिन नंबर बंद मिला।

फर्जी पुलिसकर्मी बनकर डराया
मानेसर के ढोरका गांव निवासी कृष्णानंदन ने शिकायत में बताया कि उन्हें एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि उनका एक आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है और उनके खिलाफ केस दर्ज हुआ है।

गिरफ्तारी से बचाने का झांसा देकर ठगों ने कई किस्तों में कुल ₹83,500 ट्रांसफर करवा लिए। पैसे भेजने के बाद जब उन्हें शक हुआ, तब तक ठग नंबर बदलकर गायब हो गए।

बैंक खाते से निकाले रुपये
सोहना के हरियाहेड़ा गांव निवासी इंद्रपाल के साथ भी साइबर ठगी का मामला सामने आया है। उन्होंने बताया कि जब वह घर पर थे, तभी उनके मोबाइल पर बैंक से ₹18,500 निकाले जाने का मैसेज आया।

इंद्रपाल ने बताया कि उन्होंने न तो किसी को ओटीपी दिया और न ही किसी के साथ अपने बैंक डिटेल्स साझा किए। इसके बावजूद ठगों ने खाते से पैसे निकाल लिए।

साइबर थाना पुलिस की अपील

साइबर थाना पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, सप्लायर या पुलिसकर्मी बनकर धमकाने वाले फोन पर भरोसा न करें।

  • किसी भी ऑनलाइन ट्रांजैक्शन से पहले संबंधित व्यक्ति या कंपनी की पड़ताल करें।
  • ओटीपी, बैंक डिटेल्स और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें।
  • साइबर ठगी की किसी भी घटना पर तुरंत www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें या 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें।






More From Author

जम्मू में आपदा: गुरुग्राम से जम्मू जाने वाली ट्रेनें और बसें ठप, श्रद्धालुओं की बढ़ी परेशानी

गुरुग्राम में ATM फ्रॉड की फिल्मी स्क्रिप्ट… पुलिस ने खोला पूरा खेल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *