गुरुग्राम में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस सख्त नजर आ रही है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में मार्च महीने के दौरान 1913 चालान किए गए।

रातभर चला विशेष अभियान
गुरुग्राम पुलिस ने 1 से 31 मार्च तक रात के समय विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान शहर के अलग-अलग इलाकों में नाके लगाकर वाहनों की जांच की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य नशे में गाड़ी चलाने वालों पर कार्रवाई करना था।
1913 चालान, 7 वाहन जब्त
चेकिंग के दौरान 1913 वाहन चालक शराब के नशे में गाड़ी चलाते हुए पकड़े गए, जिनके चालान मौके पर काटे गए।
इसके अलावा 7 वाहनों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
3 चालकों पर दर्ज हुआ केस
गंभीर लापरवाही के मामलों में पुलिस ने 3 वाहन चालकों के खिलाफ आपराधिक केस भी दर्ज किए हैं।
लाइसेंस 3 महीने के लिए सस्पेंड
नियमों के तहत सभी 1913 चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस 3 महीने के लिए सस्पेंड कर दिए गए हैं। इस दौरान ये चालक किसी भी प्रकार का वाहन नहीं चला सकेंगे।
सड़क सुरक्षा पर फोकस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान का मकसद सड़क हादसों को रोकना और लोगों में ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
