गुरुग्राम। बॉलीवुड सिंगर राहुल फाजिलपुरिया के फाइनेंसर रोहित शौकीन की हत्या और राहुल पर हुई फायरिंग मामले में गुरुग्राम पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। STF और गुरुग्राम क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में पांच कुख्यात शूटरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया।

बिना नंबर इनोवा पर रोकी पुलिस, शुरू हुई गोलीबारी
बुधवार को पटौदी रोड स्थित वजीरपुर इलाके में पुलिस को इनपुट मिला कि गैंगस्टर के शूटर इनोवा में घूम रहे हैं।
जैसे ही पुलिस ने बिना नंबर की इनोवा को रोकने की कोशिश की, अंदर बैठे बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें चार शूटरों के पैरों में गोली लगी और सभी को काबू में कर लिया गया।

गिरफ्तार बदमाशों की पहचान
एसटीएफ ने बताया कि पकड़े गए सभी बदमाश विदेश में बैठे गैंगस्टर रोहित सरधानिया और दीपक नांदल के शूटर हैं। उनकी पहचान इस प्रकार है:
- विनोद पहलवान (निवासी झज्जर)
- पदम उर्फ राजा (निवासी सोनीपत)
- शुभम उर्फ काला (निवासी सोनीपत)
- गौतम उर्फ गोगी (निवासी सोनीपत)
- आशीष उर्फ आशु (निवासी सोनीपत)
चारों घायल बदमाशों को गुरुग्राम के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हत्या की साजिश का खुलासा जल्द
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन शूटरों से रोहित शौकीन की हत्या और राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग की साजिश से जुड़े कई अहम राज खुलने की उम्मीद है।
पुलिस गैंगस्टरों के नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई और फाइनेंसर की हत्या के पीछे की असली वजह की गहराई से जांच कर रही है।
