मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के पात्र परिवार अब 6 फरवरी तक फ्लैट बुक कर सकते हैं। पहले बुकिंग की अंतिम तिथि 4 फरवरी थी, जिसे अब दो दिन बढ़ा दिया गया है।

योजना के नोडल अधिकारी एडीसी सोनू भट्ट ने बताया कि निगम क्षेत्र से कुल 12,384 आवेदन मिले थे। इनमें से 4,728 आवेदन पहले चरण की जांच में पात्र पाए गए हैं। केवल यही परिवार अब बुकिंग प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।
पात्र आवेदकों को 10,000 रुपये की बुकिंग राशि और एफिडेविट जमा करना अनिवार्य था। हालांकि, अब तक लगभग 1,500 आवेदक ने बुकिंग नहीं कराई। इसलिए उन्हें अतिरिक्त समय देते हुए अंतिम तिथि बढ़ाई गई है।
अधिकारी ने चेतावनी दी है कि निर्धारित अंतिम तिथि तक बुकिंग न कराने वाले आवेदक के आवेदन स्वतः निरस्त माने जाएंगे और आगे की प्रक्रिया में शामिल नहीं होंगे।
इस बढ़ाई गई तिथि से उन पात्र आवेदकों को राहत मिली है, जिन्होंने अब तक बुकिंग नहीं कर पाई थी।
