गुरुग्राम के पालम विहार इलाके में पुलिस ने खुद को आईएएस अधिकारी बताकर लोगों से ठगी करने वाले एक शख्स को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के रघुईपुर गांव निवासी जयप्रकाश पाठक के रूप में हुई है, जो महज 12वीं पास है।

पुलिस के मुताबिक, जयप्रकाश नौकरी लगवाने, कर्मचारियों के ट्रांसफर कराने और आईएएस पद का रौब दिखाकर लोगों से पैसे ऐंठता था। शनिवार को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पालम विहार थाना पुलिस ने सेक्टर 22ए स्थित मकान नंबर 11 पर छापेमारी कर उसे दबोचा।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपित के पास से गृह मंत्रालय लिखा हुआ फर्जी आईडी कार्ड, फर्जी आर्म्स लाइसेंस, छह मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, वॉकी-टॉकी सेट, आयुष्मान कार्ड, तीन आधार कार्ड, पासपोर्ट, दो मोहरें, लाल-नीली बत्ती, ढाई लाख रुपये नकद और “भारत सरकार” लिखी कार बरामद की। कार के आगे और पीछे दोनों तरफ “भारत सरकार” अंकित था।
जांच में सामने आया कि आरोपित पर पहले भी उत्तर प्रदेश में फर्जी अधिकारी बनकर ठगी करने का केस दर्ज है। फिलहाल पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है, जहां उससे मामलों की गहन पूछताछ की जा रही है।
