गुरुग्राम शहर में करोड़ों की धोखाधड़ी का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक महिला ने दोस्ती के जरिए एक व्यक्ति से संपर्क किया और अपनी बहन को कैंसर होने का झूठा दावा कर इलाज के नाम पर 2.18 करोड़ रुपये ठग लिए। पुलिस ने इस मामले में महिला के सहयोगी अजहर अहमद को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि पीड़ित ने मई 2024 से अप्रैल 2025 के बीच कई बार में यह रकम ट्रांसफर की। आरोपी महिला ने भावनात्मक दबाव बनाकर पैसे की मांग की थी।
हैदराबाद से गिरफ्तारी
इकोनॉमिक ऑफेंस विंग (EOW) ने आरोपी अजहर अहमद को हैदराबाद से गिरफ्तार किया। उसे स्थानीय अदालत में पेश कर चार दिन की ट्रांजिट रिमांड पर गुरुग्राम लाया गया है।
आरोपी ने किया खुलासा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अजहर अहमद ने बताया कि ठगी की रकम महिला यांगजी शेरपा उर्फ यामा ने ली थी। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ है कि जिस बैंक खाते में पैसे मंगवाए गए और जिस मोबाइल नंबर से पीड़ित से संपर्क किया गया, दोनों अजहर अहमद के नाम पर थे।
महिला आरोपी फरार
मामले की मुख्य आरोपी महिला फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। साथ ही ठगी की रकम कहां और कैसे खर्च की गई, इसकी जांच की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन या व्यक्तिगत पहचान वाले व्यक्ति को बिना पुष्टि के बड़ी रकम न भेजें।
