गणतंत्र दिवस के मौके पर गुरुग्राम ने पाई नई पहचान। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शहर को एक बड़ा विकास तोहफा दिया। सीएम ने ऐलान किया कि मिलेनियम सिटी में 1,000 एकड़ में फैली नई टाउनशिप ‘ग्लोबल सिटी’ विकसित की जाएगी, जो शहर को आईटी और स्टार्टअप्स का ग्लोबल हब बनाएगी।

गुरुग्राम बनेगा निवेश का केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्लोबल सिटी प्रोजेक्ट का मकसद गुरुग्राम को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निवेश का आकर्षक केंद्र बनाना है। अब निवेशकों को 12 दिनों में मंजूरी देने की प्रक्रिया लागू कर दी गई है, जिससे उद्योग और रोजगार में तेजी आएगी।
हरियाणा की मजबूत अर्थव्यवस्था
सीएम ने कहा कि हरियाणा देश के कुल क्षेत्रफल का सिर्फ 1.34%, लेकिन राष्ट्रीय जीडीपी में 3.7% योगदान देता है। प्रति व्यक्ति आय के मामले में राज्य 3.53 लाख रुपये के साथ पहले स्थान पर है। लॉजिस्टिक्स सुविधाओं में हरियाणा उत्तर भारत में नंबर वन और देश में दूसरे नंबर पर है।
महिलाओं के लिए 2,100 रुपये और 500 रुपये में सिलेंडर
सीएम ने बताया कि दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 8.6 लाख महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये दिए जा रहे हैं। इसके अलावा 15 लाख परिवारों को 500 रुपये में एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।
पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50% प्रतिनिधित्व भी सुनिश्चित किया गया है।
