गोल्फ कोर्स रोड पर सोमवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में आ रही राजस्थान नंबर की फॉरच्यूनर गाड़ी अचानक बेकाबू हो गई। ड्राइवर स्टेयरिंग पर नियंत्रण नहीं रख पाया और फॉरच्यूनर डिवाइडर तोड़ते हुए सड़क पार कर स्टाफ ले जा रही एक कार से जा टकराई।

इस भीषण हादसे में कुल 6 लोग घायल हो गए, जिनमें 4 युवतियां शामिल हैं। घायलों में से एक युवक और एक युवती की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के एक तरफ के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग करीब 20 मिनट तक कार में फंसे रहे।
डैश कैम में कैद हुई पूरी घटना
हादसे की पूरी घटना कार के डैश कैम में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह राजस्थान नंबर की फॉरच्यूनर डिवाइडर को तोड़ते हुए अनियंत्रित होकर सड़क पर आती है और सामने से आ रही कार को टक्कर मार देती है।

टक्कर के बाद आरोपी फरार
दिल्ली निवासी कार चालक विनोद कुमार ने बताया कि हादसे के बाद फॉरच्यूनर में सवार लोग घायलों को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन मदद पहुंचने में करीब 20 मिनट का समय लग गया।
20 मिनट तक मदद के लिए चिल्लाते रहे घायल
विनोद कुमार के अनुसार, हादसे के बाद सभी घायल गाड़ी में फंसे रहे और मदद के लिए चिल्लाते रहे। उनका कहना है कि पुलिस और एंबुलेंस की देरी के कारण ही एक युवक और एक युवती की हालत ज्यादा गंभीर हो गई।
पुलिस ने फॉरच्यूनर को लिया कब्जे में
सूचना मिलने के बाद गुरुग्राम पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी में फंसे युवक-युवतियों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।
गुरुग्राम पुलिस के पीआरओ ने बताया कि किसी भी हादसे की सूचना पर 112 नंबर पर 10 मिनट के भीतर प्रतिक्रिया देने का प्रावधान है। पुलिस ने राजस्थान नंबर की फॉरच्यूनर गाड़ी को कब्जे में ले लिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
