इंटरनेट मीडिया पर दोस्ती करना एक युवक को भारी पड़ गया। ग्राइंडर ऐप के जरिए हुई जान-पहचान के बाद बदमाशों ने युवक को द्वारका एक्सप्रेसवे पर बुलाकर स्कॉर्पियो में अगवा कर लिया और नशे का इंजेक्शन देकर परिवार से 37 हजार रुपए की फिरौती वसूल ली। गुरुग्राम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर कुरुक्षेत्र से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और दोनों युवकों को सुरक्षित छुड़ा लिया।

सुबह 4:30 बजे गुरुद्वारे जाने के बहाने निकला था युवक
राजेंद्र पार्क थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने शनिवार शाम पुलिस को बताया कि उसका 20 वर्षीय बेटा सुबह करीब साढ़े चार बजे न्यू कॉलोनी गुरुद्वारे जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिवार के पास आरोपियों का फोन आया और बेटे के अपहरण की जानकारी देकर 37 हजार रुपए फिरौती की मांग की गई।
डर के मारे परिवार ने अलग-अलग बैंक खातों में पूरी रकम ट्रांसफर कर दी।
एक हफ्ते पहले ग्राइंडर ऐप पर हुई थी दोस्ती
पुलिस जांच में सामने आया कि अपहरण से करीब एक सप्ताह पहले युवक की आरोपियों से ग्राइंडर डेटिंग ऐप के जरिए दोस्ती हुई थी। बातचीत के बाद उसे सेक्टर-9 द्वारका एक्सप्रेसवे के गोलचक्कर पर मिलने बुलाया गया, जहां पहले से स्कॉर्पियो गाड़ी में मौजूद बदमाशों ने उसे जबरन गाड़ी में डाल लिया।
आरोपियों ने युवक को बेहोश करने के लिए नशे का इंजेक्शन तक लगा दिया।
करनाल के युवक का भी उसी दिन किया था अपहरण
पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ कि आरोपियों ने उसी दिन करनाल के असंध निवासी युवक मनप्रीत का भी इसी तरह अपहरण किया था। फिरौती की 21 हजार रुपए की राशि मनप्रीत के खाते में डलवाई गई थी। बाद में उसे कुरुक्षेत्र पुलिस के हवाले कर दिया गया।
100 CCTV कैमरों की जांच के बाद आरोपी ट्रेस
पालम विहार क्राइम ब्रांच और राजेंद्र पार्क थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुग्राम से लेकर कुरुक्षेत्र तक 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी सर्विलांस के जरिए आरोपियों की लोकेशन कुरुक्षेत्र के उमरी चौक पर ट्रेस हुई, जहां रविवार दोपहर दबिश देकर चारों को धर दबोचा गया।
गिरफ्तार आरोपी:
- अजय (21)
- दीपेश (18)
- आशीष (18) — तीनों निवासी पिचोपा कलां, चरखी दादरी
- अनिल (33) — निवासी गदराई गांव
स्कॉर्पियो और 11 मोबाइल फोन बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से किराये पर ली गई स्कॉर्पियो गाड़ी और वारदात में इस्तेमाल किए गए 11 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पूछताछ में सामने आया है कि चारों आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की पूर्ति के लिए इस तरह की वारदातों को अंजाम देते थे।
गुरुग्राम पुलिस की सख्त चेतावनी
गुरुग्राम पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि
- डेटिंग ऐप और सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती में सावधानी बरतें
- बिना परिजनों को बताए किसी अनजान व्यक्ति से मिलने न जाएं
- किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें
