गुरुग्राम में ऑनलाइन ठगों ने एक एमएससी स्टूडेंट को फैन्सी ड्रेस का लालच देकर ₹6.82 लाख से ठग लिया। ठग ने इंस्टाग्राम पर रील के जरिए संपर्क किया और ड्रेस डिलीवरी के नाम पर रकम ऐंठता रहा।

पटौदी की युवती बनी शिकार
पटौदी के गांव खोड़ की रहने वाली सुविधा ने 21 जुलाई को इंस्टाग्राम पर एक फैन्सी ड्रेस की रील देखी। ड्रेस पसंद आने पर उन्होंने आरोपी को मैसेज किया। पहले ₹1,500 क्यूआर कोड से ट्रांसफर करवाए गए। फिर डिलीवरी चार्ज, सर्विस चार्ज, पोस्ट ऑफिस चार्ज और टैक्स के नाम पर रकम बढ़ती गई।
21 जुलाई से 5 अगस्त के बीच युवती ने आरोपी के बताए SBI, एक्सिस बैंक, ICICI, IDBI, बैंक ऑफ महाराष्ट्र और बैंक ऑफ इंडिया के खातों में कुल ₹6,82,250 भेज दिए।
पैसे मांगे तो ब्लॉक कर दी
जैसे ही पीड़िता ने रकम वापस मांगी, आरोपी ने सोशल मीडिया पर उसका अकाउंट ब्लॉक कर दिया और चैट डिलीट कर दी।
मानेसर साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज
पीड़िता ने पहले 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत की, फिर मानेसर साइबर क्राइम थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
