अरावली की तलहटी में स्थित गांव कासन में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम ने एक नई पहल शुरू की है। निगम की ओर से 14 एकड़ भूमि पर झील का निर्माण किया जा रहा है। झील का पहला चरण लगभग पूरा हो चुका है, जिस पर 5.90 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं।

10 एकड़ में भरा गया स्वच्छ जल
एसबीआई कार्ड के सहयोग से विकसित की जा रही इस झील में 10 एकड़ क्षेत्र में स्वच्छ जल भरा गया है।
शेष 4 एकड़ क्षेत्र में पर्यटकों के लिए पैदल ट्रैक, पार्क, पीने के पानी की सुविधा और शौचालय का निर्माण किया गया है।
इसके अलावा, बिजली आपूर्ति के लिए सोलर प्लांट भी लगाया गया है।

दूसरे चरण में नौका विहार, रेस्तरां और मड हाउस
नगर निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि दूसरे चरण में लगभग 6 करोड़ रुपए की लागत से नौका विहार, रेस्तरां और मड हाउस जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
इसके साथ ही झील से सटी 25 एकड़ भूमि पर एक बायोडायवर्सिटी पार्क भी बनाया जाएगा, जो प्रकृति प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र होगा।
15 प्रकार के फल और फूलदार पौधे लगाए गए
प्रकृति प्रेमियों को ध्यान में रखते हुए झील परिसर में 15 प्रकार के फल और फूलदार पौधे लगाए गए हैं।
जल की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए जल शोधन यूनिट भी स्थापित की गई है।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
दिल्ली के नजदीक होने के साथ-साथ यह क्षेत्र नेशनल हाईवे-48 और केएमपी एक्सप्रेसवे से सीधे जुड़ा है। ऐसे में उम्मीद है कि यहां पर्यटकों की बड़ी संख्या में आवाजाही होगी, जिससे स्थानीय स्तर पर रोज़गार के अवसर भी बढ़ेंगे।
