गुरुग्राम के खंडेवाला गांव में हुए विनीत कुमार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामूली से शराब के चखने की पेमेंट विवाद ने इतना भयानक रूप ले लिया कि दोस्तों ने ही विनीत को अगवा कर बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला।

16 जनवरी: शराब की पेमेंट को लेकर झगड़ा
पुलिस जांच में सामने आया है कि 16 जनवरी की शाम पांचों आरोपी विनीत की दुकान पर शराब पीने के लिए सामान लेने पहुंचे थे। उन्होंने शराब का चखना लिया, लेकिन पैसे देने से इनकार कर दिया।
इसी बात को लेकर विवाद हुआ, गाली-गलौज शुरू हो गई और हाथापाई तक नौबत पहुंच गई। इस दौरान आरोपी सागर उर्फ चेली से विनीत की झड़प हुई।

17 जनवरी: अगवा कर खेतों में की दरिंदगी
17 जनवरी की शाम विनीत खेतों से काम कर घर लौट रहा था। गांव के पंचायती भवन के पास आरोपियों ने उसे घेर लिया और जबरन गाड़ी में डालकर किडनैप कर लिया।
उसे गांव से दूर सुनसान खेतों में ले जाया गया, जहां हाथ-पैर बांधकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे खेतों में पैरा बिछाते रहे, शराब पीते रहे और लगातार विनीत को मारते रहे। विनीत जान बख्शने की गुहार लगाता रहा, दोस्ती का वास्ता देता रहा, लेकिन आरोपियों का दिल नहीं पसीजा।
जब वह अधमरा होकर बेहोश हो गया, तो आरोपी उसे हेली मंडी के चिरंजीव अस्पताल के पास फेंक कर फरार हो गए।
18 जनवरी: अस्पताल में भर्ती, FIR दर्ज
गंभीर हालत में परिजन विनीत को फर्रुखनगर सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां से उसे जिला नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
19 जनवरी: ICU में मौत से संघर्ष
विनीत की हालत लगातार नाजुक बनी रही। वह आईसीयू में वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत से जूझता रहा। पुलिस इस दौरान आरोपियों की तलाश में दबिश देती रही।
20 जनवरी: इलाज के दौरान मौत
20 जनवरी की सुबह विनीत ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं जोड़ दीं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई पसलियों के टूटने, चेहरे और आंखों पर गहरे जख्म मिलने की पुष्टि हुई। शरीर का शायद ही कोई हिस्सा ऐसा था, जहां चोट न हो।
गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस सुरक्षा में अंतिम संस्कार कराया गया।
22 जनवरी: राजस्थान और उत्तराखंड से जुड़े सुराग, पांचों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस उपायुक्त मानेसर दीपक जेवरिया के निर्देश पर मानेसर क्राइम ब्रांच और फर्रुखनगर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की।
जांच अधिकारी पीएसआई देवेंद्र के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी राजस्थान के सीकर और उत्तराखंड में छिपे हुए थे।
सर्विलांस और तकनीकी जांच के आधार पर जब आरोपी एनएच-48 से गुजर रहे थे, तब पंचगांव चौक के पास से पांचों को गिरफ्तार कर लिया गया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
विनीत कुमार की शादी 2022 में हुई थी। उसके डेढ़ साल का बेटा है और उसकी पत्नी गर्भवती है।
परिजनों के मुताबिक सभी आरोपी विनीत के दोस्त थे, साथ उठते-बैठते थे। एक मामूली विवाद ने दोस्ती को खूनी दुश्मनी में बदल दिया।
इलाके में तनाव का माहौल
इस निर्मम हत्या के बाद से खंडेवाला और आसपास के गांवों में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन पीड़ित परिवार का दर्द और गांव की नाराजगी अभी भी बरकरार है।
