गुरुग्राम। खांडसा गांव स्थित एक ज्वेलरी दुकान में दिनदहाड़े हथियार के बल पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल भी बरामद की है।
मामले की जांच गुरुग्राम पुलिस द्वारा की जा रही है।

पिस्टल दिखाकर दी जान से मारने की धमकी
शिकायतकर्ता के अनुसार, 14 फरवरी को दोपहर करीब 2:30 बजे तीन युवक उसकी दुकान पर पहुंचे। इनमें से एक ने पिस्टल निकालकर उसे जान से मारने की धमकी दी और एक तरफ हटने को कहा। इसी दौरान दूसरे आरोपी ने लोहे की रॉड से हमला करने की कोशिश की।
हथियार के डर से पीड़ित ने दुकान की अलमारी खोल दी, जिसमें रखी करीब 5 किलो चांदी और 35 हजार रुपये नकद आरोपियों ने लूट लिए।
5 किलो चांदी और 35 हजार कैश लूटा
लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दुकान का शटर बंद कर मौके से फरार होने लगे। इसी दौरान पीड़ित ने हिम्मत दिखाते हुए एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए।
सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-37 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू की।
खांडसा निवासी विकास गिरफ्तार
पुलिस ने उसी दिन घटनास्थल से विकास (22) निवासी खांडसा, गुरुग्राम को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 15 फरवरी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 6 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
यूपी के रहने वाले दो अन्य आरोपी भी दबोचे
आगे की कार्रवाई करते हुए पुलिस ने फरार दो अन्य आरोपियों—ललित कुमार (24) और अमन (19)—को 16 फरवरी को उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के परसदेपुर गांव से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी गुरुग्राम की एक फैक्ट्री में काम करते हैं और लूट की योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया था।
लूटे गए माल की बरामदगी पर फोकस
पुलिस अब दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि लूटे गए माल की बरामदगी और मामले के अन्य पहलुओं की गहन जांच की जा सके।
मामले में आगे की जांच जारी है।
