गुरुग्राम में बेखौफ बदमाश! ज्वेलरी शॉप में दिनदहाड़े धावा, एक दबोचा

गुरुग्राम शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। चार दिन के भीतर ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाने की यह दूसरी घटना है। ताजा मामला गुरुग्राम के सेक्टर-37 थाना क्षेत्र स्थित खांडसा मार्केट का है, जहां शनिवार दोपहर तीन हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया।

करीब छह मिनट तक चली इस घटना में बदमाश पांच किलो चांदी और 35 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। हालांकि दुकानदार की हिम्मत से एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया।

हेलमेट और गमछा बांधकर पहुंचे बदमाश

खांडसा मार्केट स्थित खयाल ज्वेलरी शॉप के संचालक बबलू शाह ने बताया कि दोपहर करीब दो बजे तीन युवक दुकान में दाखिल हुए। दो ने हेलमेट पहन रखे थे, जबकि तीसरे ने गमछे से चेहरा ढका हुआ था।

एक आरोपी ने पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। दूसरे के हाथ में हथौड़ी और तीसरे के पास डंडा था। बदमाशों ने दुकान का शटर बंद कर अलमारी की चाबी छीन ली और लूटपाट शुरू कर दी।

पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में तीनों आरोपी बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं।

बाजार में भीड़, लेकिन मदद को कोई आगे नहीं आया

घटना के समय बाजार में सैकड़ों लोग मौजूद थे। बदमाश जब दुकान से नीचे भागे तो दुकानदार ने शोर मचाया, लेकिन कोई भी व्यक्ति मदद के लिए आगे नहीं आया।

करीब 100 मीटर दूर खड़ी बाइक पर सवार होकर दो आरोपी फरार हो गए। इसी दौरान बबलू शाह ने साहस दिखाते हुए एक आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी के हाथ में पिस्टल होने के बावजूद दुकानदार उससे भिड़ गया। दोनों के बीच गली में हाथापाई भी हुई।

पुलिस जांच में जुटी, दो आरोपी अब भी फरार

सूचना मिलते ही सेक्टर-37 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान खांडसा गांव निवासी विकास के रूप में हुई है। उसके पास से एक अवैध पिस्टल बरामद की गई है।

मामले की जांच सेक्टर 10 क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों के फरार साथियों की तलाश में दबिश दे रही है। हालांकि घटना के 24 घंटे बाद भी दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं और लूटा गया माल बरामद नहीं हो सका है।

चार दिन में दूसरी वारदात से व्यापारी दहशत में

गौरतलब है कि चार दिन पहले गढ़ी हरसरू गांव में भी ज्वेलरी शॉप में चोरी की घटना सामने आई थी। लगातार हो रही वारदातों से व्यापारियों में रोष और भय का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

More From Author

एक मैसेज, करोड़ों का ट्रांसफर… गुरुग्राम की कंपनी को ऐसे लगाया गया चूना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *