गुरुग्राम में प्यार बना खौफ… लिव-इन पार्टनर की बेरहमी से 19 साल की छात्रा गंभीर

गुरुग्राम के सेक्टर-89 में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 19 वर्षीय छात्रा के साथ उसके पार्टनर द्वारा कथित रूप से बेरहमी से मारपीट किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवती को पहले गुरुग्राम के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

चरित्र पर शक बना हिंसा की वजह
पुलिस के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से त्रिपुरा की रहने वाली है और गुरुग्राम स्थित जीडी गोयनका यूनिवर्सिटी में बायोटेक्नोलॉजी की छात्रा है। वह सितंबर 2025 से अपने 19 वर्षीय पार्टनर शिवम (दिल्ली निवासी) के साथ लिव-इन में रह रही थी।

सूत्रों के मुताबिक, दोनों शादी की योजना बना रहे थे और इस संबंध में परिवारों के बीच बातचीत भी शुरू हो चुकी थी। लेकिन हाल ही में आरोपी युवक को युवती के चरित्र पर शक हो गया, जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ता गया।

बताया जा रहा है कि देर रात हुआ झगड़ा हिंसक रूप ले बैठा और आरोपी ने युवती की बेरहमी से पिटाई कर दी।

मां की सूचना से खुला मामला
घटना का खुलासा तब हुआ जब युवती की मां ने पुलिस को फोन कर आरोप लगाया कि उसकी बेटी को उसके पार्टनर ने बुरी तरह पीटा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

डीसीपी साउथ हितेश यादव ने बताया कि मेडिकल जांच में युवती के शरीर पर कई गंभीर चोटों की पुष्टि हुई है। प्रारंभिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए उसे AIIMS दिल्ली रेफर किया गया।

आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जांच जारी
पुलिस ने आरोपी शिवम के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है और यह भी देखा जा रहा है कि क्या इससे पहले भी युवती के साथ किसी प्रकार की हिंसा हुई थी।

बढ़ते लिव-इन विवादों पर सवाल
यह घटना एक बार फिर लिव-इन रिलेशनशिप में सुरक्षा और विश्वास के मुद्दों को लेकर चिंता पैदा करती है। पुलिस का कहना है कि दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

More From Author

दिनदहाड़े कैंची से हमला कर लूट: गुरुग्राम के सोहना में तीन आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग शामिल

बिना नंबर प्लेट की कार ने मारी टक्कर… फिर बेसबॉल बैट लेकर टूट पड़े तीन युवक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *