गुरुग्राम में एलपीजी गैस की कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए सोहना में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सीएम फ्लाइंग स्क्वॉड और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने मारुति कुंज इलाके में छापेमारी कर अवैध रूप से ले जाए जा रहे 20 गैस सिलेंडर बरामद किए हैं।

सूत्रों के अनुसार, प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों का गलत तरीके से उपयोग और अवैध भंडारण किया जा रहा है। इसी इनपुट के आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध वाहन (HR 55 AJ 9226) को रोककर जांच की। तलाशी के दौरान वाहन से बड़ी संख्या में एलपीजी सिलेंडर बरामद हुए, जिससे पूरे मामले का खुलासा हुआ।
18 भरे सिलेंडर, 2 खाली—बड़ी गड़बड़ी के संकेत
जब्त किए गए सिलेंडरों में 18 भरे हुए भारत गैस सिलेंडर, एक खाली भारत गैस सिलेंडर और एक खाली इंडेन गैस सिलेंडर शामिल हैं। प्राथमिक जांच में यह मामला घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक दुरुपयोग से जुड़ा माना जा रहा है।
वाहन में सवार युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर निवासी अंकुश यादव के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान वह सिलेंडरों के परिवहन से जुड़े कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद टीम ने उसे हिरासत में लेकर वाहन समेत सभी सिलेंडर जब्त कर लिए।
कई एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई
इस पूरे ऑपरेशन में सीएम फ्लाइंग, सीआईडी और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों की अहम भूमिका रही। टीम ने मौके पर पहुंचकर सघन जांच की और अवैध गतिविधि को तत्काल प्रभाव से रोक दिया।
डीएफएससी की सख्त चेतावनी
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) अशोक रावत ने स्पष्ट किया कि एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी, ओवरचार्जिंग और अवैध स्टॉकिंग के खिलाफ जिला प्रशासन की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि यदि कहीं भी इस तरह की गतिविधि नजर आए तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध गैस कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि आम उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा की जा सके।
