गुरुग्राम में अवैध रूप से एलपीजी सिलेंडरों के परिवहन और भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। गांव गैरतपुर बास में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने छापेमारी कर 64 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए हैं।


गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार, विभाग को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर बदशाहपुर क्षेत्र में शिव मंदिर के पास रेड की गई। मौके पर खड़े वाहन नंबर HR55 AM 6507 की तलाशी लेने पर उसमें से 64 खाली एलपीजी सिलेंडर बरामद हुए।


मौके से आरोपी गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान विशंभर, निवासी गांव गैरतपुर बास को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में सिलेंडरों के अवैध परिवहन की आशंका जताई जा रही है।

संयुक्त टीम ने संभाली कमान
यह कार्रवाई खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई, जिसमें एएफएसओ विजय, इंस्पेक्टर गजेंद्र और इंस्पेक्टर इंदर शामिल थे। टीम ने पूरे ऑपरेशन को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया और सभी सिलेंडरों को कब्जे में लिया।
बादशाहपुर थाने में मामला दर्ज
आरोपी के खिलाफ बादशाहपुर थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है कि सिलेंडर कहां से लाए जा रहे थे और किस उद्देश्य से इस्तेमाल किए जा रहे थे।
