गुरुग्राम-अलवर रोड स्थित महिंद्रा सर्विस स्टेशन में शनिवार रात भीषण आग लग गई। आग लगने का कारण प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस हादसे में सर्विस स्टेशन के मालिक को लाखों रुपये के नुकसान का सामना करना पड़ा है।

घटना शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उस समय सर्विस स्टेशन पर एक वाहन की मरम्मत का काम चल रहा था और रोज की तरह सर्विस स्टेशन खुला हुआ था। इसी दौरान अचानक फर्स्ट फ्लोर स्थित कार्यालय से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया।
मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक फर्स्ट फ्लोर पर रखे बिजली के उपकरण, फर्नीचर और अन्य कीमती सामान जलकर पूरी तरह खाक हो चुके थे।
सीटी थाना प्रभारी जगबीर सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट ही माना जा रहा है।
