गुरुग्राम-महरौली रोड पर गुरुवार देर रात करीब एक बजे लापरवाही की हदें पार करने वाला मामला सामने आया है। गुरुग्राम से दिल्ली की ओर जा रही एक कैब में सवार कुछ युवकों ने चलती कार के दरवाजे खोलकर बाहर पैर निकालकर खतरनाक स्टंट किया। यह घटना दिल्ली सीमा के भीतर बताई जा रही है। उस समय सड़क पर घना कोहरा भी था, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका और बढ़ गई थी।

कपल ने बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
घटना के दौरान पास से गुजर रही एक कार में सवार कपल ने इस खतरनाक हरकत का करीब 10 सेकंड का वीडियो रिकॉर्ड किया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
तेज रफ्तार में खुले दरवाजे, अन्य वाहन चालकों में मची अफरा-तफरी
एमजी रोड पर तेज रफ्तार से दौड़ रही कैब के दरवाजे पूरी तरह खुले हुए हैं और युवक पैर बाहर निकालकर बैठे हैं। हवा के दबाव से दरवाजा बंद न हो, इसके लिए वे बार-बार दरवाजे पर पैर भी लगा रहे थे। अचानक यह दृश्य देखकर आसपास चल रहे वाहन चालकों को ब्रेक लगाने पड़े, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

लंबे समय से कर रहे थे स्टंट
वीडियो बनाने वाले व्यक्ति के अनुसार, कैब सवार युवक काफी देर से इसी तरह लापरवाही से कार चला रहे थे। जब उनकी गाड़ी पास आई तो यह खतरनाक नजारा सामने आया। रिकॉर्डिंग शुरू होते ही युवकों को इसका अंदाजा हो गया और उन्होंने दरवाजे बंद कर तेजी से कैब को भगाया।
कोहरे के कारण बढ़ गया था खतरा
रात के समय घने कोहरे के चलते दृश्यता बेहद कम थी। ऐसे में किसी भी वाहन के खुले दरवाजों से टकराने पर गंभीर दुर्घटना हो सकती थी। इस लापरवाही से न सिर्फ कैब सवार युवकों की जान खतरे में थी, बल्कि अन्य राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा भी दांव पर लगी हुई थी।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लिया संज्ञान
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस कार की नंबर प्लेट और लोकेशन के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि इस तरह की घटनाओं के वीडियो बनाकर पुलिस को टैग करें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।

हालांकि, गुरुग्राम पुलिस की ओर से अब तक सोशल मीडिया पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। शिकायतकर्ता ने गुरुग्राम पुलिस को भी टैग किया है, क्योंकि घटना बॉर्डर क्षेत्र के आसपास की बताई जा रही है और कोहरे के कारण सटीक लोकेशन स्पष्ट नहीं हो पाई है।
यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है और ऐसे स्टंट करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जरूरत को रेखांकित करती है।
