गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) और ट्रैफिक पुलिस ने मेट्रो निर्माण के चलते शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में शामिल नेताजी सुभाष चंद्र मार्ग पर यातायात को सुगम बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। यह निर्णय संयुक्त सर्वे के बाद लिया गया है, जिसमें मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से हीरो होंडा चौक तक ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार के उपाय सुझाए गए हैं।

सर्वे के आधार पर सर्विस रोड पर 33 नए एंट्री-एग्जिट बनाए जाएंगे, जबकि मुख्य सड़क से सीधे जुड़ रहे 12 कट बंद किए जाएंगे। इस प्रस्ताव को 15 दिनों के भीतर लागू करने के लिए गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) से आग्रह किया गया है।
15.5 किमी लंबी ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो परियोजना
ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो परियोजना के पहले चरण में करीब 15.5 किलोमीटर लंबे मेट्रो कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है। इसमें लगभग 7.5 किलोमीटर हिस्सा नेताजी सुभाष चंद्र बोस मार्ग पर बनेगा। जीएमआरएल ने निर्माण कार्य के लिए एक कंपनी को ठेका भी आवंटित कर दिया है।
फिलहाल मेट्रो निर्माण के चलते करीब 20 प्रतिशत सड़क पर बैरिकेडिंग की जा चुकी है, जिससे ट्रैफिक दबाव बढ़ गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए जीएमडीए और ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त रूप से जमीनी सर्वे किया।
12 सेक्टर और गांवों से सीधे जुड़ रहे कट
सर्वे में पाया गया कि इस मार्ग से सेक्टर-33, 34, 38 से 41, 44 से 48 और 72ए सहित कुल 12 सेक्टर जुड़े हैं। आसपास के गांवों से भी 12 कट सीधे मुख्य सड़क से मिल रहे हैं, जिससे यातायात की गति प्रभावित हो रही है।
इन स्थानों पर कट होंगे बंद:
- सेक्टर-44 में जीएमडीए कार्यालय के पास
- सेक्टर-46 स्थित ग्रीनवुड सिटी
- सेक्टर-39 में यूनिटैक साइबर पार्क
- सेक्टर-46 में साइबर पार्क के सामने
- गांव झाड़सा में तीन कट
- सेक्टर-39 के सामने मुख्य सड़क के डिवाइडर को बंद किया जाएगा
- सेक्टर-47 में पेट्रोल पंप के पास स्टेट विजिलेंस से आने वाली सड़क का मुख्य निकास बंद कर सर्विस रोड पर निकास बनाया जाएगा
जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता अमित गोदारा के अनुसार, “मुख्य सड़क की एक-एक लेन पर बैरिकेडिंग की जा रही है। सर्विस रोड पर 33 नए प्रवेश और निकास बनाए जाएंगे और 12 कट बंद करने का अनुरोध जीएमआरएल से किया गया है।”
साउथ सिटी-1 में अवैध गेटों पर चला बुलडोजर
वहीं दूसरी ओर, South City 1 कॉलोनी में नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग ने अवैध रूप से लगाए गए गेटों को मंगलवार दोपहर बुलडोजर से हटवा दिया। कार्रवाई पुलिस बल की मौजूदगी में की गई और किसी प्रकार का विरोध सामने नहीं आया।
इन गेटों को लेकर शिकायत CM Window Haryana पर की गई थी। शिकायत में कहा गया था कि गेट दिन-रात बंद रहते हैं, सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं है और इमरजेंसी के दौरान बाहर निकलने में दिक्कत होती है। एंबुलेंस को भी कॉलोनी में प्रवेश में परेशानी होती थी।
जांच के बाद आरडब्ल्यूए को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विभाग ने गेट हटाने की कार्रवाई की।
इसके अलावा एक व्यक्ति द्वारा हरित क्षेत्र पर कब्जा कर बनाए गए अवैध पार्क को भी हटाया गया। इस संबंध में भी सीएम विंडो पर शिकायत दर्ज कराई गई थी।
