शहर में प्रदूषण की समस्या से निपटने और विकास कार्यों को बढ़ावा देने के लिए गुरुग्राम नगर निगम ने शुक्रवार को वित्त एवं संविदा कमेटी की बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी। इस बैठक में कुल 16 एजेंडों पर प्रशासनिक मुहर लगी।

एंटी-स्मॉग गन से स्मॉग कम करने का प्रयास
नगर निगम प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ग्रांट का उपयोग करते हुए ट्रक माउंटेड स्प्रिंकलर और एंटी-स्मॉग गन मशीन खरीदने जा रहा है। इन मशीनों की खरीद पर 485 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। यह कदम पराली जलाने से होने वाले स्मॉग और वायु प्रदूषण को कम करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
सड़क, सीवर और जलापूर्ति परियोजनाएं
बैठक में सड़क निर्माण, सीवर लाइन और पेयजल आपूर्ति से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्टों को मंजूरी दी गई। इनमें प्रमुख हैं
- बजघेराड़ा फिरनी में माडल रोड निर्माण के लिए 508.96 लाख रुपये
- मेफील्ड गार्डन में बीएम बीसी रोड निर्माण के लिए 279.98 लाख रुपये
- 900 एमएम व्यास की पुरानी सीवर लाइन को मजबूत करने पर 802.40 लाख रुपये
- सोहना रोड से नया गांव तक इंटरलॉकिंग टाइल्स और पानी की लाइन बिछाने पर 568.61 लाख रुपये
- नयागांव में टाइल्स और जलापूर्ति कार्य के लिए 428.37 लाख रुपये
- हेरिटेज स्कूल से बालियावास गांव तक 33 फुट चौड़ी रेवेन्यू रोड निर्माण पर 329.33 लाख रुपये

सफाई व्यवस्था और मशीनरी
नगर निगम ने सफाई व्यवस्था मजबूत करने के लिए 16 टन क्षमता वाली दो रीसायकल सुपर सकर मशीनें खरीदने का निर्णय लिया, जिस पर संचालन और रख-रखाव समेत लगभग 10 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
वार्ड व विकास कार्य
- वार्ड-56 में रोड निर्माण, स्टार्म वाटर ड्रेन और सीवरेज पाइप लाइन पर 740.29 लाख रुपये
- वार्ड-15 में सीवरेज पाइप लाइन पर 480.03 लाख रुपये
- साउथ सिटी-2 और सेक्टर 17 ए हुडा मार्केट से बस स्टैंड रोड तक सीवर और जलापूर्ति लाइन पर 653.66 लाख रुपये
- वार्ड-एक गांव नाथूपुर में सामुदायिक केंद्र निर्माण पर 9.45 करोड़ रुपये
गोशाला निर्माण पर भी लगी मुहर
बालियावास (वार्ड-20) में गोशाला निर्माण के लिए 600 लाख रुपये की मंजूरी दी गई। वहीं, वार्ड-18 मियांवाली कॉलोनी में सीवर लाइन, जलापूर्ति और इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने पर 405.02 लाख रुपये खर्च होंगे।
बैठक की अध्यक्षता मेयर राजरानी मल्होत्रा ने की, जबकि निगमायुक्त प्रदीप दहिया और अन्य कमेटी सदस्य उपस्थित थे।
