गुरुग्राम में एनएच-48 पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में ऑटो चालक की मौत हो गई, जबकि ऑटो में सवार एक व्यक्ति घायल हो गया। मृतक की पहचान 44 वर्षीय नवल महतो के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के सिसवा गांव का रहने वाला था और वर्तमान में दिल्ली के त्रिलोकपुरी में रहता था।

पुलिस के अनुसार, नवल महतो सुबह करीब 5 बजे आनंद विहार, दिल्ली से सवारी लेकर गुरुग्राम आ रहा था। जैसे ही वह झाड़सा चौक फ्लाईओवर, सेक्टर-15 के पास पहुंचा, पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उसके ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो पलट गया।
इस हादसे में नवल महतो गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि ऑटो में बैठी सवारी सुरेश को भी चोटें आईं। घायल सुरेश ने तुरंत दोनों को सेक्टर-10 स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने नवल महतो को मृत घोषित कर दिया।

मृतक के परिजन अलख देव महतो ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि नवल उनके बड़े भाई का बेटा था और उनके साथ त्रिलोकपुरी में रहकर ऑटो चलाता था। सुबह करीब 7 बजे उन्हें हादसे की सूचना मिली, जिसके बाद वे परिवार के साथ अस्पताल पहुंचे।
परिजनों के मुताबिक, नवल महतो अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसके चार बच्चे हैं और बेटी की शादी जल्द होने वाली थी। उसकी अचानक मौत से परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। परिवार ने आरोपी वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी और उचित मुआवजे की मांग की है।
जांच अधिकारी रामपाल ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपी वाहन की पहचान कर ली जाएगी।
