गुरुग्राम जिले की सभी तहसील और उप-तहसीलों में जमीन की ऑनलाइन रजिस्ट्री 3 नवंबर से शुरू हो जाएगी। इस नई सुविधा के बाद पंजीकरण प्रक्रिया पूरी तरह कागज रहित (Paperless) हो जाएगी और लोगों को जमीन की रजिस्ट्री के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

राजस्व विभाग के अनुसार अब एपॉइंटमेंट बुकिंग से लेकर पहचान सत्यापन, स्टाम्प ड्यूटी और फीस भुगतान तक सभी काम ऑनलाइन होंगे। केवल खरीदार और विक्रेता को फोटो खिंचवाने के लिए कार्यालय जाना होगा। नई प्रणाली से पारदर्शिता बढ़ेगी और फर्जीवाड़े पर पूरी तरह लगाम लगेगी।
क्या होगा बदलाव?
- सभी दस्तावेज़ डिजिटल होंगे
- भौतिक दस्तावेजों की जरूरत खत्म
- आधार और ओटीपी से पहचान सत्यापन
- ऑनलाइन स्टाम्प ड्यूटी और रजिस्ट्रेशन फीस भुगतान
- सब-रजिस्ट्रार से ऑनलाइन अपॉइंटमेंट
- वीडियो रिकॉर्डिंग से पूरी प्रक्रिया पारदर्शी
अब घर बैठे या मोबाइल से ही पूरी प्रक्रिया आसानी से पूरी की जा सकेगी जिससे आम जनता का समय और पैसा दोनों की बचत होगी।
कैसे करें ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन?
लोग इस पोर्टल पर जाकर अपनी प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं:
https://eregistration.revenueharyana.gov.in/
हेल्पलाइन पर मिलेगी सहायता
तकनीकी सहायता के लिए संपर्क करें
- हेल्पलाइन नंबर: 1800-180-2137
- ईमेल: nodalofficer-it@revhry.gov.in
इसके अलावा, संक्रमण काल (Transition Period) के दौरान जिला स्तर पर हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं जहाँ स्टाफ जरूरत पड़ने पर मदद करेगा।
कहाँ-कहाँ लागू होगी नई व्यवस्था?
गुरुग्राम जिले की पाँच तहसीलें और तीन उप-तहसीलें
तहसीलें
- वजीराबाद
- बादशाहपुर
- पटौदी
- फर्रुखनगर
- सोहना
उप-तहसीलें
- हरसरू
- मानेसर
- कादीपुर
इन सभी जगहों पर प्रतिदिन 800 से 1000 रजिस्ट्री होती हैं। अब यह पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन हो जाएगी।
प्रशासन का क्या कहना?
जिला राजस्व अधिकारी विजय यादव ने बताया —
“शनिवार को छुट्टी है। सोमवार से तहसीलों में रजिस्ट्री ऑनलाइन शुरू होंगी। सभी दस्तावेज पेपरलेस होंगे। इससे समय की बचत होगी। ऑनलाइन प्रक्रिया के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।”
