गुरुग्राम में शुक्रवार देर रात हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपियों ने मौके से भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा भागते समय गिरकर घायल हो गया।

ASI की बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई जान
सेक्टर-65 क्राइम यूनिट की टीम टोल प्लाजा पर फायरिंग के मामले में गिरफ्तार आरोपियों विनय, बॉबी और पवन को हथियार बरामदगी के लिए पुराना बहरामपुर गांव के पहाड़ी इलाके में लेकर गई थी। पूछताछ के दौरान आरोपी विनय ने बताया कि उसने वहां एक लोडेड हथियार छुपा रखा है।
जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, विनय ने छुपाए गए हथियार से अचानक पुलिस पर फायर कर दिया। गोली पुलिस टीम में शामिल ASI मनमोहन की छाती पर लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहनने के कारण उनकी जान बच गई।
पुलिस की जवाबी फायरिंग, बदमाश घायल
फायरिंग के बाद पुलिस ने आरोपी को आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन जब उसने गोली चलाना जारी रखा तो पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस की गोली आरोपी विनय के दाएं पैर में लगी। घायल अवस्था में उसे तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दूसरा आरोपी भागते समय गिरा, पैर टूटा
इसी मामले में दूसरे आरोपी बॉबी (25) को हथियार बरामदगी के लिए भोंडसी क्षेत्र में ले जाया गया था। पुलिस वाहन से उतरते ही वह भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन संतुलन बिगड़ने से गिर पड़ा। गिरने से उसके पैर में गंभीर चोट आई। उसे भी इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
तीसरा आरोपी हिरासत में, पूछताछ जारी
पुलिस ने बताया कि तीसरा आरोपी पवन फिलहाल पुलिस हिरासत में है। उससे पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
टोल प्लाजा और गांव में की थी फायरिंग
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों ने 28 जनवरी की रात कादरपुर गांव में राहुल, रोहित और गोकुल के घर के बाहर 8–10 राउंड फायर किए थे। आरोपियों ने फोन पर जान से मारने की धमकी भी दी थी।

इसके बाद बदमाशों ने धामडौज टोल प्लाजा पर टोल टैक्स न देने पर दो राउंड फायरिंग की। पूरी घटना CCTV कैमरों में कैद हो गई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार किया।
बड़ा हादसा टला
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अगर ASI मनमोहन ने बुलेटप्रूफ जैकेट नहीं पहनी होती तो घटना जानलेवा हो सकती थी। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
