आगामी त्योहारों के मद्देनजर गुरुग्राम पुलिस और हरियाणा अग्निशमन विभाग ने सदर बाजार में एक संयुक्त जागरूकता मार्च आयोजित किया। यह मार्च डीसी अजय कुमार के दिशा-निर्देशन में हुआ।

मार्च का मुख्य उद्देश्य बाजार क्षेत्र के दुकानदारों और नागरिकों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और भीड़ नियंत्रण के उपायों की जानकारी देना था। अधिकारियों ने यह भी जोर दिया कि आपातकालीन वाहनों के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न आए, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव हो।

अग्निशमन वाहन तैनात
विशेष सतर्कता के तहत अग्निशमन विभाग ने मस्जिद चौक पर 21 अक्तूबर तक एक अग्निशमन वाहन तैनात किया है। इसका उद्देश्य है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया दी जा सके।
डीसी अजय कुमार ने कहा कि त्योहारों का समय उल्लास के साथ-साथ सतर्कता का भी होता है। उन्होंने प्रशासन, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमों की सक्रियता का हवाला देते हुए दुकानदारों और आमजन से सुरक्षा नियमों का पालन, सड़क पर बाधा न डालने और सहयोग करने की अपील की।
