गुरुग्राम के भौंडसी थाना क्षेत्र के स्नेह विहार में पुलिस टीम पर चाकू और हथौड़े से हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। यह घटना 24 अगस्त की रात लगभग 11:44 बजे की है, जब ERV-235 पुलिस टीम को स्नेह विहार में हंगामे की सूचना मिली थी।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर आरोपी ने अचानक हमला कर दिया। हमले में SPO सुंदर लाल और कॉन्स्टेबल रमन गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को पहले सोहना के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया और फिर बेहतर इलाज के लिए उन्हें सेक्टर-10 स्थित सरकारी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
ऐसे हुआ हमला
घायल SPO सुंदर लाल के मुताबिक, वह कॉन्स्टेबल रमन के साथ मौके पर पहुंचे थे और कॉलर आकाश मिश्रा से पूछताछ कर रहे थे। तभी आकाश का भाई आनंद मिश्रा अचानक बस के पीछे से हथौड़ा लेकर निकला।
- आनंद ने पहले सुंदर लाल के सिर पर हथौड़े से हमला किया।
- इसके बाद उसने चाकू से भी वार किया।
- जब कॉन्स्टेबल रमन ने आरोपी को रोकने की कोशिश की, तो उसने उनके घुटने पर हथौड़े से वार कर दिया।
- हमला करने के बाद आरोपी ने पुलिसकर्मियों को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया।

आरोपी गिरफ्तार
भौंडसी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 23 वर्षीय आनंद मिश्रा को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के पकरावल गांव का रहने वाला है। पूछताछ में उसने बताया कि वह दिल्ली में रिक्शा चलाता है और अपने भाई आकाश के साथ भौंडसी में किराए पर रहता है।
पुलिस ने आरोपी को 28 अगस्त को कोर्ट में पेश किया। फिलहाल पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।
