प्रदूषण पर निगम का एक्शन मोड, जनवरी में 705 चालान, 9.26 लाख रुपये वसूले

गुरुग्राम में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर नगर निगम पूरी तरह एक्शन मोड में है। जनवरी माह के दौरान अब तक नगर निगम की प्रवर्तन टीमों ने धुआं और धूल प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ 705 चालान जारी किए हैं। इन चालानों के जरिए निगम ने 9.26 लाख रुपये का जुर्माना वसूल किया है।

नगर निगम की टीमें लगातार फील्ड में रहकर प्रदूषण से जुड़े नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई कर रही हैं। खुले में आग जलाने, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा और निर्माण मलबा फेंकने, साथ ही निर्माण व तोड़फोड़ कार्यों के दौरान पर्यावरणीय नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्ती बरती जा रही है।

धूल पर नियंत्रण के लिए सड़कों पर पानी का छिड़काव

धूल प्रदूषण को कम करने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा शहर की प्रमुख सड़कों और पेड़ों पर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से शोधित पानी का नियमित छिड़काव किया जा रहा है। इसके लिए 10 व्हीकल माउंटेड स्प्रिंकलर और एंटी-स्मॉग गन वाहन लगातार विभिन्न इलाकों में काम कर रहे हैं। इसके अलावा पानी के टैंकरों से भी अलग-अलग क्षेत्रों में छिड़काव किया जा रहा है।

रात में चल रही मैकेनाइज्ड सफाई

शहर की सड़कों को धूल-मिट्टी से मुक्त रखने के लिए नगर निगम ने रात के समय 18 मैकेनाइज्ड स्वीपिंग मशीनें तैनात की हैं, ताकि दिन में यातायात और लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। इसके साथ ही स्वच्छता टीमें भी नियमित रूप से मुख्य सड़कों की सफाई कर रही हैं।

नियम तोड़ने वालों पर जारी रहेगी सख्ती

नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि वायु प्रदूषण पर नियंत्रण निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के तहत सभी निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

More From Author

गुरुग्राम–पटौदी–रेवाड़ी हाईवे अब सिस्टम की सुस्ती की मिसाल, 3 साल बाद भी अधूरा

चलती कार की छत पर स्टंट… वायरल वीडियो ने दिलाई 6 युवकों की गिरफ्तारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *