गुरुग्राम में खौफनाक वारदात: कैब बुक कर ड्राइवर का गला घोंटा, आरोपी गिरफ्तार

गुरुग्राम जिले में कैब ड्राइवर की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रैपिडो ऐप से कैब बुक कर आरोपियों ने पहले ड्राइवर का अपहरण किया, फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। शव को सुल्तानपुर झील के पास खेतों में फेंक दिया गया और कैब लूटकर फरार हो गए।

पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी शानू (21) को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

मृतक की पहचान – गांधी नगर में रहता था सूरज

मृतक की पहचान सूरज (25) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के गांव रैपुरा का रहने वाला था और गुरुग्राम के गांधी नगर में अपनी बहन के पास रहता था। सूरज रैपिडो प्लेटफॉर्म पर टैक्सी चलाकर परिवार का खर्च चला रहा था।

27 जनवरी को निकला, फिर नहीं लौटा

परिजनों के अनुसार सूरज 27 जनवरी दोपहर टैक्सी लेकर घर से निकला था। देर रात तक वापस न लौटने पर फोन किया गया, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ मिला।
GPS लोकेशन चेक करने पर टैक्सी होली चौक, दिल्ली में खड़ी मिली।

बसई जोहड़ से बुक हुई राइड

जांच में सामने आया कि 28 जनवरी को सूरज को गुरुग्राम से राइड मिली थी। बसई जोहड़ के पास तीन युवकों ने OTP देकर कैब बुक की। इसके बाद आरोपी उसे फर्रुखनगर रोड की ओर ले गए।

सुनसान इलाके में उतारकर गला घोंटा

फर्रुखनगर के सुनसान इलाके में पहुंचने पर आरोपियों ने पेशाब का बहाना बनाकर गाड़ी रुकवाई। इसी दौरान पीछे बैठे आरोपी ने रस्सी/मफलर से सूरज का गला घोंट दिया।
हत्या के बाद शव को सुल्तानपुर झील के पास सरसों के खेत में फेंक दिया गया और कैब लेकर फरार हो गए।

दिल्ली में मिली कैब, खुला हत्या का राज

अगले दिन परिजन लोकेशन के आधार पर दिल्ली पहुंचे। टैक्सी मिलने पर कापसहेड़ा थाना पुलिस को सूचना दी गई। जांच में साफ हुआ कि टैक्सी लूटने के इरादे से सूरज की सुनियोजित हत्या की गई।

आरोपी शानू गिरफ्तार, शव बरामद

दिल्ली पुलिस ने आरोपी शानू को पकड़कर गुरुग्राम पुलिस को सौंपा। पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल की। उसकी निशानदेही पर 29 जनवरी की रात शव बरामद किया गया। इसके बाद थाना सेक्टर-09A में केस दर्ज किया गया।

अविवाहित था सूरज

सूरज अविवाहित था। परिवार के अनुसार उसकी शादी की बातचीत चल रही थी। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पुलिस बोली – बाकी आरोपियों की तलाश जारी

सेक्टर-9 थाना एसएचओ सुनील कुमार ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर कैब बरामद कर ली गई है।
सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। बाकी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

More From Author

रेकी, मास्टर चाबी और फरारी… गुरुग्राम में बाइक चोरों का पर्दाफाश

बैरियर खोलने से मना किया तो युवक ने टोल बूथ पर की फायरिंग, 3 आरोपी गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *