गुरुग्राम में एक बार फिर सड़कों पर कानून की धज्जियां उड़ती नजर आईं। सेक्टर-86 रोड पर द्वारका एक्सप्रेसवे की ओर जा रही एक चलती स्कॉर्पियो में सवार युवकों ने ऐसा खतरनाक स्टंट किया, जिसे देखकर राहगीरों की सांसें थम गईं।

काली रंग की स्कॉर्पियो (HR-16AE-5012) में सवार युवक नशे की हालत में थे। एक युवक गाड़ी के सनरूफ से आधा बाहर निकला हुआ था, जबकि दूसरा युवक चलती गाड़ी की खिड़की से बाहर निकलकर सीधे गाड़ी की छत पर जा बैठा। इसके बाद वह घुटनों के बल बैठकर डांस करता नजर आया। तेज रफ्तार सड़क पर यह नज़ारा किसी बड़े हादसे को दावत देने जैसा था।
पीछे चल रही कार ने किया वीडियो रिकॉर्ड
इस पूरी घटना को स्कॉर्पियो के पीछे चल रही एक कार में सवार युवकों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है और लोग गुरुग्राम पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।
X पर उठी कार्रवाई की मांग
जतिन नाम के एक X यूजर ने वीडियो पोस्ट करते हुए गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस और गुरुग्राम DC को टैग किया। पोस्ट में लिखा गया कि इस तरह खुलेआम शराब के नशे में स्टंट करने वालों पर तुरंत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। हालांकि खबर लिखे जाने तक पुलिस की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
स्टंटबाजी का अड्डा बनती गुरुग्राम की सड़कें
द्वारका एक्सप्रेसवे, NH-48, सोहना एलिवेटेड रोड और सेक्टर-86 जैसी सड़कें लगातार रैश ड्राइविंग और स्टंटबाजी के मामलों में सामने आ रही हैं। बीते महीनों में कई वीडियो वायरल हुए हैं, जिनमें युवक गाड़ियों की छत पर चढ़ते, दरवाजों से लटकते और गलत साइड से तेज रफ्तार में वाहन चलाते नजर आए हैं।
RWA ने कहा— सोशल मीडिया बना वजह
द्वारका एक्सप्रेसवे RWA के प्रेसिडेंट यशीश यादव का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ युवाओं को जानलेवा हरकतें करने के लिए उकसा रही है। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते सख्ती नहीं हुई तो ऐसे मामले और बढ़ेंगे।
फिलहाल इस वीडियो ने एक बार फिर गुरुग्राम की सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
