गोल्फ कोर्स रोड से सटे प्राइम लोकेशन सेक्टर-43 के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। आने वाले तीन महीनों में सेक्टर की सूरत पूरी तरह से बदलने जा रही है। नगर निगम ने यहां की सड़कों और ड्रेनेज सिस्टम को अपग्रेड करने का बड़ा अभियान शुरू कर दिया है।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार 18 मीटर और 24 मीटर चौड़ी मुख्य सड़कों के नवीनीकरण के लिए करीब 2.10 करोड़ रुपये का एस्टीमेट स्वीकृत किया गया है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
इसके अलावा तुलसी पार्क ब्लॉक की सभी सड़कों को आरएमसी (रेडी मिक्स कंक्रीट) से बनाया जाएगा, जिस पर 1.40 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं बरसाती पानी की निकासी को बेहतर बनाने के लिए ड्रेन निर्माण पर 1.60 करोड़ रुपये खर्च होने हैं, जिसके टेंडर खुलने के बाद कार्य आवंटन की प्रक्रिया चल रही है।
अन्य ब्लॉकों की बिटुमिनस रोड के नवीनीकरण के लिए भी 2.30 करोड़ रुपये का बजट तैयार किया गया है, जिसकी स्वीकृति प्रक्रियाधीन है।
लंबे समय से खराब सड़कें बनी थीं परेशानी
सेक्टर-43 की मुख्य और आंतरिक सड़कों की स्थिति काफी समय से जर्जर पड़ी थी। जगह-जगह गड्ढों और टूटी सड़कों की वजह से परिवहन और पैदल आवागमन दोनों प्रभावित हो रहे थे। सड़कें टूटने से सफाई व्यवस्था भी बिगड़ रही थी।
इस गंभीर समस्या को लेकर आरडब्ल्यूए महासचिव नरेंद्र मेहता, स्थानीय निवासी राजकुमार यादव सहित कई लोगों ने निगम पार्षद विकास यादव से मिलकर सुधार की मांग की थी।
उनकी मांगों पर तुरंत संज्ञान लेते हुए निगम पार्षद ने संबंधित अधिकारियों से एस्टीमेट तैयार कराने और बजट स्वीकृति की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया। अब अधिकांश निर्माण कार्यों के टेंडर हो चुके हैं और अगले कुछ सप्ताह में काम शुरू होने की संभावना है।
