गुरुग्राम में देर रात खौफनाक वारदात, स्कॉर्पियो ने स्विगी डिलीवरी बॉयज को कुचला

गुरुग्राम के सेक्टर-93 स्थित हयातपुर इलाके में रविवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। फूड डिलीवरी का काम कर रहे स्विगी डिलीवरी बॉयज पर एक काले रंग की महिंद्रा स्कॉर्पियो चालक ने कथित तौर पर जानबूझकर गाड़ी चढ़ा दी। इस वारदात में टिंकू पवार नाम का डिलीवरी बॉय गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि मौके पर मौजूद अन्य राइडर किसी तरह जान बचाने में सफल रहे।

पिकअप प्वाइंट पर खड़े थे डिलीवरी राइडर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार रात करीब 10:30 बजे सेक्टर-93 हयातपुर में स्विगी के पांच से छह डिलीवरी राइडर ऑर्डर पिकअप के लिए सड़क किनारे खड़े थे। तभी तेज रफ्तार में आई एक काले रंग की स्कॉर्पियो ने राइडरों को टक्कर मार दी और आगे निकल गई।

विरोध करने पर दोबारा चढ़ाई गाड़ी
डिलीवरी बॉयज का आरोप है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो स्कॉर्पियो चालक ने गाड़ी मोड़कर दोबारा राइडरों की ओर दौड़ा दी। इस दौरान रेवाड़ी निवासी टिंकू पवार गाड़ी के टायर के नीचे आ गया। अन्य राइडरों ने कूदकर अपनी जान बचाई।

सीसीटीवी फुटेज आया सामने
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि किस तरह स्कॉर्पियो चालक राइडरों को कुचलते हुए मौके से फरार हो जाता है। वारदात के बाद डिलीवरी बॉयज ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल कर सूचना दी।

आईसीयू में भर्ती, हालत गंभीर
घायल टिंकू पवार को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई। डॉक्टरों के मुताबिक टिंकू को सिर, छाती और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें आईसीयू में रखा गया है। बाद में परिजन बेहतर इलाज के लिए उन्हें रेवाड़ी ले गए।

कार्रवाई न होने पर राइडरों का प्रदर्शन
सोमवार सुबह तक आरोपी की गिरफ्तारी न होने से नाराज बड़ी संख्या में स्विगी डिलीवरी राइडर सेक्टर-93 पुलिस चौकी पहुंच गए और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। राइडरों ने कहा कि यह इलाका व्यस्त रहता है और यहां डिलीवरी बॉय अक्सर ऑर्डर के इंतजार में खड़े रहते हैं।

पुलिस जांच में जुटी
इस मामले में थाना सेक्टर-10 के एसएचओ कुलदीप ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन को बरामद कर लिया है, हालांकि आरोपी चालक की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है और डिलीवरी राइडरों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।


More From Author

डिनर के बहाने ले जाकर युवती से दुष्कर्म, वीडियो वायरल करने की दी धमकी

द्वारका एक्सप्रेसवे से शंकर चौक तक पानी की नई लाइन, किन इलाकों को मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *