नया गुरुग्राम के सेक्टर-10 में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में नगर निगम गुरुग्राम ने बड़ा कदम उठाया है। निगम यहां मौजूद पार्क को अत्याधुनिक योगा पार्क और योगा हॉल के रूप में विकसित करेगा। इस प्रोजेक्ट पर लगभग 25 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। नगर निगम के अनुसार टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और काम अगले महीने शुरू कर दिया जाएगा।

नया योगा पार्क पूर्णत: योगाभ्यास की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा। पार्क में हरे-भरे खुले लॉन और समतल ग्राउंड तैयार किए जाएंगे, ताकि लोग प्राकृतिक वातावरण में योग कर सकें। इसके साथ ही पार्क परिसर में एक आधुनिक योगा हॉल भी बनाया जाएगा, जहां मौसम कोई भी हो—ठंड, गर्मी या बारिश—लोग आराम से योगाभ्यास जारी रख सकेंगे।
इस परियोजना से सेक्टर-10 और आस-पास के क्षेत्रों में रहने वाले सैकड़ों निवासियों को सीधा लाभ मिलेगा। यह जगह न सिर्फ योग का केंद्र बनेगी, बल्कि समुदाय में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने का भी एक प्रमुख माध्यम साबित होगी। नगर निगम का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक लोग योग और फिटनेस से जुड़े, ताकि स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिले।
नगर निगम इन दिनों शहर के कई पार्कों को अपग्रेड कर रहा है। विकलांगजनों के लिए पाँच विशेष पार्क विकसित किए जा रहे हैं, वहीं बड़े पार्कों में फाउंटेन और कई नई सुविधाएँ जोड़ी जा रही हैं। इसके अलावा शहर में अटल पार्क का निर्माण कार्य भी जारी है।
नगर निगम गुरुग्राम के कार्यकारी अभियंता प्रवीन राघव ने बताया कि सेक्टर-10 में बन रहे योगा पार्क और योगा हॉल के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और काम जल्द शुरू होगा।
