गुरुग्राम। साउथ पेरिफेरल रोड (SPR) पर देर रात चेकिंग के दौरान एक तेज रफ्तार कैंटर ने एईटीओ (इंफोर्समेंट) की सरकारी स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी। हादसे में एईटीओ समेत चार कर्मचारी घायल हो गए। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो पलट गई, जिससे सभी कर्मचारी वाहन में फंस गए।

राहगीरों ने बचाई जान
घटना के समय मौके से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत मदद करते हुए गाड़ी में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
रात 1 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, 17 मार्च की रात करीब 1 बजे एईटीओ महिम शर्मा अपनी टीम के साथ सेक्टर-77 स्थित SPR रोड पर चेकिंग ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कैंटर को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका।
सीधी टक्कर से पलटी गाड़ी
कैंटर चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए सीधे सरकारी स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो पलट गई। हादसे के तुरंत बाद एईटीओ ने कैंटर का नंबर नोट कर लिया।
पुलिस ने दर्ज की FIR
एईटीओ की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी चालक महेंद्र (निवासी बदायूं, उत्तर प्रदेश) के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के तहत मामला दर्ज किया है।
चालक फरार, तलाश जारी
हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
ड्यूटी पर आए थे गुरुग्राम
महिम शर्मा ने बताया कि वह मूल रूप से जयपुर के रहने वाले हैं और वर्तमान में नारनौल में तैनात हैं। उन्हें मुख्यालय पंचकूला से आदेश मिलने के बाद 16 मार्च को ड्यूटी के लिए गुरुग्राम भेजा गया था।
