गुरुग्राम। सोहना रोड एलिवेटेड हाईवे स्थित घामडोज टोल प्लाजा पर गुरुवार-शुक्रवार की रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक ब्लैक स्कॉर्पियो सवार युवक ने टोल बैरियर न खुलने पर खुलेआम फायरिंग कर दी।

घटना रात करीब 8:30 बजे की है। स्कॉर्पियो चालक बिना टोल दिए जबरन बैरियर खुलवाना चाहता था। टोल कर्मियों द्वारा टोल फीस या फास्टैग की बात कहने पर युवक भड़क गया और गाड़ी से पिस्टल निकाल ली।
टोल कर्मियों पर झोंकी गोली, बाल-बाल बचे कर्मचारी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बहस के दौरान युवक ने अचानक पहला फायर कर दिया। गोली चलते ही टोल पर मौजूद कर्मचारी जान बचाने के लिए गाड़ी के पीछे छिप गए। इसके बाद आरोपी ने टोल बूथ की ओर निशाना साधते हुए दूसरा फायर किया और बैरियर तोड़ते हुए फरार हो गया।
घटना के समय टोल प्लाजा पर कई वाहन और कर्मचारी मौजूद थे। किसी को गोली लग सकती थी, लेकिन गनीमत रही कि कोई घायल नहीं हुआ।
CCTV में कैद पूरी वारदात
इस घटना का 1 मिनट 28 सेकेंड का CCTV वीडियो सामने आया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पहले युवक और टोल कर्मियों के बीच बहस होती है, फिर अचानक पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी जाती है।
पुलिस ने 3 आरोपियों को दबोचा
फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्कॉर्पियो का पीछा किया। भले ही आरोपी तत्काल फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने बाद में तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
- विनय (26)
- बॉबी (25)
- पवन (27)
तीनों गांव कादरपुर, गुरुग्राम के रहने वाले हैं।
पुलिस का खुलासा: 2 दिन में 4 वारदातें
पुलिस प्रवक्ता संदीप सिंह के अनुसार पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों ने सिर्फ टोल प्लाजा पर ही नहीं, बल्कि दो दिनों में हत्या के प्रयास की 4 घटनाओं को अंजाम दिया।
आरोपियों ने गांव कादरपुर (झील की ढाणी) में रोहित नामक व्यक्ति के घर पर भी जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी। इस मामले में सेक्टर-65 थाना में केस दर्ज है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और हथियारों की बरामदगी की कोशिश की जा रही है।
