कब्जाधारियों पर चला प्रशासन का डंडा… गुरुग्राम में बड़ी कार्रवाई से हिली अवैध बस्तियां

गुरुग्राम। शहर में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत गुरुग्राम नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वाटिका चौक के पास लगभग 2 हजार वर्ग गज सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया। लंबे समय से कब्जे में चल रही इस जमीन पर निगम की टीम ने सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माणों को हटाया।

ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में चला अभियान

यह कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं सहायक अभियंता वसीम अकरम की निगरानी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। मौके पर नगर निगम की टीम के साथ जेई कपिल यादव और जेई वरुण भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पूरी प्रक्रिया की मॉनिटरिंग की और बिना किसी विरोध के कार्रवाई पूरी की गई।

सूत्रों के अनुसार, संबंधित पक्षों को पहले ही नोटिस जारी किए गए थे। निर्धारित समयसीमा में कब्जा न हटाने पर निगम ने बुलडोजर चलाकर अवैध ढांचों को हटाया।

शहर में जारी रहेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान


नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सरकारी संपत्तियों को अतिक्रमण से मुक्त कराने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। कब्जामुक्त कराई गई भूमि को दोबारा अतिक्रमण से बचाने के लिए सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं।

अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि भविष्य में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

More From Author

क्या खत्म होगी ओवरफ्लो की समस्या? GMDA ने जारी किया बड़ा टेंडर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *