अब नहीं पड़ेगी टैंकर की जरूरत? GMDA की नई यूनिट मई में होगी शुरू

गुरुग्राम में बढ़ती गर्मी और हर साल गहराते पेयजल संकट को देखते हुए Gurugram Metropolitan Development Authority (GMDA) ने इस बार समय रहते तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर के चंदू-बुढेड़ा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में निर्माणाधीन पांचवीं यूनिट मई 2026 तक चालू कर दी जाएगी। इसके शुरू होते ही गुरुग्राम को 100 एमएलडी (मिलियन लीटर प्रतिदिन) अतिरिक्त नहरी पेयजल मिलेगा।

इससे गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

2028 तक मिलेगा 300 एमएलडी अतिरिक्त पानी

अधिकारियों के अनुसार मई 2026 से अप्रैल 2028 के बीच शहर को कुल 300 एमएलडी अतिरिक्त पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए चंदू-बुढेड़ा और बसई वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में नई यूनिटें स्थापित करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
गौरतलब है कि गर्मियों में गुरुग्राम में पानी की मांग 700 एमएलडी से अधिक पहुंच जाती है। नई यूनिटों के शुरू होने से इस बढ़ती मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी और करीब 40 लाख लोगों को भूमिगत जल या टैंकरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

तेजी से चल रहा है निर्माण कार्य

जीएमडीए अधिकारियों के मुताबिक चंदू-बुढेड़ा प्लांट में पांचवीं यूनिट का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। यूनिट के चालू होने पर प्लांट की क्षमता में 100 एमएलडी की बढ़ोतरी होगी। विभाग का दावा है कि काम तय समयसीमा के अनुसार चल रहा है और मई 2026 तक इसे पूरी तरह संचालित कर दिया जाएगा।
इससे पहले मई 2025 में चंदू प्लांट में 100 एमएलडी की एक यूनिट का शुभारंभ किया गया था, जिससे बीते गर्मी के मौसम में शहरवासियों को काफी राहत मिली थी।

बढ़ती आबादी को ध्यान में रखकर योजना

जीएमडीए के एक्सईएन अभिनव वर्मा के अनुसार, चंदू और बसई प्लांट की क्षमता लगातार बढ़ाई जा रही है ताकि गुरुग्राम की तेजी से बढ़ती आबादी को बेहतर जलापूर्ति सुनिश्चित की जा सके। अगले दो वर्षों में नई यूनिटों के स्थापित होने के बाद शहर में पानी की कमी की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।

More From Author

छात्र-अभिभावक ध्यान दें! 16 फरवरी से स्कूलों का समय पूरी तरह बदलेगा

एक मैसेज, करोड़ों का ट्रांसफर… गुरुग्राम की कंपनी को ऐसे लगाया गया चूना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *