गुरुग्राम शहर में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बढ़ते दिखाई दिए। सेक्टर-23 स्थित सिग्नेचर ग्लोबल पार्क के निवासी सुमित के साथ चार अज्ञात बदमाशों ने लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने पहले युवक को लिफ्ट दी और फिर मारपीट कर नकदी व बैंक खाते से हजारों रुपए ट्रांसफर करवा लिए।

T20 कार में बैठाकर किया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार, सुमित गुरुग्राम थाना जाने के लिए दमदमा मोड़ पर वाहन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान एक T20 कार में सवार चार युवकों ने उसे लिफ्ट दी। कुछ दूरी जाने के बाद बदमाशों ने अचानक उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और जेब से ₹2,700 नकद छीन लिए।
चाकू की नोक पर करवाई ऑनलाइन ट्रांजैक्शन
वारदात यहीं नहीं रुकी। एक आरोपी ने सुमित की गर्दन पर चाकू रख दिया और उसके बैंक खाते से जबरन ₹71,200 रुपए दूसरे खाते में ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद बदमाशों ने उसे रास्ते में धक्का देकर कार से उतार दिया और मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने दर्ज किया केस
पीड़ित सुमित की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी रविंद्र सिंह ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ IPC की धारा 392, 394 और BNS की धारा 309(4) व 309(6) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आरोपियों की पहचान करने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
