गुरुग्राम: झाड़सा चौक पर तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार को कुचला, युवक की मौत

सेक्टर-15 के पास झाड़सा चौक पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसा रात करीब 11:40 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काले रंग की स्कूटी सवार युवक झाड़सा चौक से गुजर रहा था, तभी पीछे से आए एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक करीब 10 फीट ऊपर उछलकर सड़क पर गिरा, और ट्रक का पहिया भी उसके ऊपर से निकल गया।

हेलमेट नहीं पहनने से गई जान

हादसे में युवक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। बताया जा रहा है कि युवक ने हेलमेट नहीं पहना था, जिसके कारण सिर में गहरी चोट लगी और उसकी जान नहीं बच सकी। मौके से गुजर रहे एक जोमैटो डिलीवरी बॉय ने बताया कि स्कूटी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी।

एंबुलेंस से अस्पताल, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

हादसे के तुरंत बाद मौजूद लोगों ने ब्लिंकिट एंबुलेंस को सूचना दी। घायल युवक को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान, ट्रक चालक फरार

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर झाड़सा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूटी को हटवाया। स्कूटी के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक से संपर्क किया गया। सुबह स्कूटी मालिक के पहुंचने पर मृतक की पहचान यश चौधरी (21 वर्ष) के रूप में हुई, जो हीरा नगर, गुरुग्राम का रहने वाला था।

पुलिस जांच में जुटी

झाड़सा चौकी के जांच अधिकारी जोगिंद्र हुड्डा ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। झाड़सा चौक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से मौत का कारण बनने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस की अपील

पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों से अपील की है कि वे अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें और सड़क के सबसे बाएं लेन में सुरक्षित तरीके से वाहन चलाएं। पुलिस का कहना है कि अधिकतर सड़क हादसों में सिर में गंभीर चोट ही मौत का मुख्य कारण बनती है।


More From Author

शराब ठेके पर डिस्काउंट को लेकर बवाल, स्टाफ से मारपीट, दो आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली–जयपुर हाईवे बना पार्किंग जोन! मानेसर-बिलासपुर में रोजाना भीषण जाम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *