खांडसा गांव में गैंगस्टर रिक्की की अवैध ‘मंडी’ पर चला बुलडोजर, 40 से ज्यादा दुकानें ध्वस्त

खांडसा गांव में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर बनाई गई गैंगस्टर रिक्की की मार्केट पर प्रशासन और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में नगर निगम की टीम ने बुलडोजर चलाकर करीब 40 दुकानों और टीन के खोखों को ध्वस्त कर दिया। यह अवैध कॉम्प्लेक्स ‘रिक्की की मंडी’ के नाम से जाना जाता था।

नगर निगम के नोडल अधिकारी आरएस बाठ के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। बताया गया कि करीब आधा एकड़ सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर यह व्यावसायिक परिसर खड़ा किया गया था, जहां से हर महीने ढाई से तीन लाख रुपये तक की उगाही की जा रही थी।

पहले भी दी गई थी चेतावनी, नहीं किया गया खाली

नोडल अधिकारी आरएस बाठ ने बताया कि गैंगस्टर रिक्की को कई बार सरकारी जमीन खाली करने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन उसने कोई ध्यान नहीं दिया। जांच में सामने आया कि इस निर्माण के लिए कोई वैध अनुमति नहीं ली गई थी और पूरा निर्माण पूरी तरह गैरकानूनी था।

महत्वपूर्ण सड़क निर्माण में बन रहा था बाधा

प्रशासन के अनुसार, इस जमीन से होकर एक महत्वपूर्ण सड़क का निर्माण प्रस्तावित है। अवैध कब्जे के कारण सड़क निर्माण में लगातार बाधा आ रही थी। शिकायतों और जांच के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए कब्जा हटाया।

31 गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित है रिक्की

थाना सेक्टर-37 प्रभारी मंजीत सिंह ने बताया कि गैंगस्टर रिक्की खांडसा गांव का ही रहने वाला है और उसके खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, रंगदारी, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित कुल 31 गंभीर मामले दर्ज हैं। डीसीपी मानेसर के निर्देश पर गैंगस्टरों और माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत यह कार्रवाई की गई है।

स्थानीय लोगों ने ली राहत की सांस


स्थानीय निवासियों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि यह मंडी लंबे समय से अवैध गतिविधियों और रंगदारी का केंद्र बनी हुई थी। सड़कें जाम रहती थीं और इलाके में डर का माहौल था। मंडी हटने के बाद अब क्षेत्र में राहत महसूस की जा रही है।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने साफ किया है कि अपराध की कमाई से बनी अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पिछले एक महीने में तीन गैंगस्टरों के अवैध ठिकानों को ध्वस्त किया जा चुका है। अवैध कब्जेदारों को चेतावनी दी गई है कि कानून से कोई भी ऊपर नहीं है।

More From Author

गुरुग्राम में हाई-प्रोफाइल रेव पार्टी का पर्दाफाश, विदेशी नागरिकों की गिरफ्तारी

गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर बड़ा प्रयोग! एक ही पिलर पर मेट्रो और एलिवेटेड रोड?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *