खेड़की दौला टोल शिफ्टिंग को मिली रफ्तार,मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने दिए सख्त निर्देश

दिल्ली–जयपुर हाईवे पर लंबे समय से चर्चा में रहे खेड़की दौला टोल प्लाजा को हटाने की दिशा में अब प्रशासन ने रफ्तार पकड़ ली है। शनिवार को केंद्रीय राज्य मंत्री एवं स्थानीय सांसद राव इंद्रजीत सिंह ने इस मुद्दे को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि टोल प्लाजा शिफ्ट करने की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की देरी न हो।

बैठक में तय किया गया कि पचगांव चौक पर प्रस्तावित नए टोल प्लाजा के निर्माण के दौरान ग्रामीणों, किसानों और आम नागरिकों की आवाजाही पूरी तरह सुरक्षित रखी जाएगी। सभी विभाग एक सप्ताह के भीतर आपसी समन्वय से ठोस प्रस्ताव तैयार कर पुलिस अधिकारियों को सौंपेंगे, जिसके बाद यातायात व्यवस्था को लेकर अलग से समन्वय बैठक की जाएगी।

पचगांव चौक बनेगा औद्योगिक और परिवहन हब
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि पचगांव चौक क्षेत्र आने वाले समय में विकास का बड़ा केंद्र बनने जा रहा है। यहां एचएसआईआईडीसी द्वारा औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की योजना है, जिससे हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
इसके अलावा आरआरटीएस परियोजना के तहत नमो भारत ट्रेन का स्टेशन भी इसी क्षेत्र में प्रस्तावित है। ऐसे में टोल प्लाजा शिफ्टिंग के दौरान स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, यह प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

15 फरवरी तक खुलेगा केएमपी एक्सप्रेसवे का मार्ग
समीक्षा बैठक के दौरान गुरुग्राम–पटौदी–रेवाड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 352-डब्ल्यू के निर्माण कार्य की प्रगति पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि 15 फरवरी तक केएमपी एक्सप्रेसवे तक का मार्ग पूरी तरह यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।
सड़क के उत्तरी हिस्से को मार्च के पहले सप्ताह तक खोलने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, पहाड़ी गांव के पास निर्माणाधीन रेलवे फ्लाईओवर को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।

फ्लाईओवर निर्माण से लग रहे जाम पर जताई नाराजगी
बिलासपुर चौक पर फ्लाईओवर निर्माण के चलते लगने वाले जाम पर केंद्रीय मंत्री ने चिंता जताते हुए कहा कि आम लोगों को बेवजह परेशान नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वैकल्पिक यातायात व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाए।
इसके साथ ही राठीवास बस स्टॉप पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर के कार्य की समीक्षा कर निर्माण में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में रहे ये अधिकारी मौजूद
बैठक में सोहना विधायक तेजपाल तंवर, शहरी विकास सलाहकार डीएस ढेसी, डीसी अजय कुमार, एसडीएम दर्शन सिंह, एनएचएआई अधिकारी सफी मोहम्मद, प्रोजेक्ट निदेशक रेवाड़ी योगेश तिलक, प्रोजेक्ट निदेशक सोहना पीडी कौशिक, डीआरओ विजय यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

More From Author

गुरुग्राम में अफसरों की जवाबदेही तय! रोज़ फील्ड में जाना होगा, फोटो-लोकेशन होगी लाइव

सिविल लाइन में बस ने मंत्री के भतीजे की कार को टक्कर मारी, ड्राइवर नशे में था

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *