मालिबू टाउन की सड़कों में बड़ी चूक! निगम ने ठेकेदार पर लगाया ₹5.75 लाख का जुर्माना

गुरुग्राम नगर निगम ने मालिबू टाउन क्षेत्र में सड़कों की रिकार्पेटिंग में लापरवाही बरतने पर देशवाल कंस्ट्रक्शन कंपनी पर 10 प्रतिशत यानी ₹5.75 लाख की पेनल्टी लगाई है। कंपनी को कार्य दोबारा गुणवत्तापूर्ण तरीके से करने के लिए निर्देशित किया गया है, साथ ही चेतावनी दी गई है कि भविष्य में अगर फिर से लापरवाही हुई तो उसे ब्लैकलिस्ट किया जाएगा और कार्य किसी अन्य एजेंसी को उसके रिस्क और लागत पर सौंपा जाएगा।

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि मालिबू टाउन की सड़कों की रिकार्पेटिंग का कार्य देशवाल कंस्ट्रक्शन कंपनी को 5.75 करोड़ रुपए की लागत से सौंपा गया था। कंपनी ने मानसून से पहले कार्य प्रारंभ किया, लेकिन निरीक्षण के दौरान कार्य की गुणवत्ता असंतोषजनक पाई गई।

निगम द्वारा दोबारा कार्य करने के निर्देश दिए गए, लेकिन मानसून के बाद शुरू किए गए कार्य में भी गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया गया। इस पर निगम ने कंपनी पर 10 प्रतिशत पेनल्टी लगाई और अंतिम नोटिस जारी किया।

नगर निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने सभी इंजीनियरों और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे विकास कार्यों का नियमित निरीक्षण करें और किसी भी अनियमितता या मानकहीन कार्य की रिपोर्ट तुरंत तैयार कर कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निगम की प्राथमिकता नागरिकों को बेहतर और टिकाऊ इन्फ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराना है और किसी भी एजेंसी को लापरवाही करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि गुणवत्ता के साथ समझौता करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

More From Author

गुरुग्राम में शिक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, कई निजी स्कूलों पर गिरी गाज

गुरुग्राम में सड़क सुरक्षा का नया सख्त नियम, जानिए किसे है खतरा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *