मानेसर में बिजली कनेक्शन पर बड़ा फैसला, बूस्टिंग स्टेशन और स्ट्रीट लाइटों को मिलेगी तुरंत सप्लाई

गर्मियों से पहले मानेसर नगर निगम ने बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। निगम क्षेत्र में बने बूस्टिंग स्टेशनों और स्ट्रीट लाइटों को बिजली कनेक्शन में आ रही अड़चन अब खत्म हो गई है। इस मुद्दे पर शुक्रवार को सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीण यादव की मौजूदगी में नगर निगम और डीएचबीवीएन अधिकारियों के बीच अहम बैठक हुई।

बैठक में निगम अधिकारियों ने बताया कि कई स्थानों पर बूस्टिंग स्टेशन और स्ट्रीट लाइट तैयार होने के बावजूद बिजली कनेक्शन न मिलने से कार्य प्रभावित हो रहा था। इस पर डीएचबीवीएन अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि अब कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया में कोई बाधा नहीं आएगी।

गर्मियों में कटौती रोकने पर फोकस

सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीण यादव ने कहा कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाना जरूरी है, ताकि अघोषित बिजली कटौती से बचा जा सके। जरूरत पड़ने पर नए ट्रांसफार्मर भी लगाए जाएंगे।

उन्होंने निगम द्वारा तैयार बूस्टिंग स्टेशन और स्ट्रीट लाइटों के लिए शीघ्र कनेक्शन जारी करने के निर्देश दिए, ताकि जलापूर्ति और रोशनी व्यवस्था सुचारू रहे।

एक सप्ताह में मांगी गई रिपोर्ट

नगर निगम के एसडीओ विकास शर्मा को निर्देश दिए गए कि वे सभी बूस्टिंग स्टेशन और स्ट्रीट लाइटों की विस्तृत रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर बिजली विभाग को उपलब्ध कराएं।

डीएचबीवीएन के खेड़की दौला, फर्रुखनगर और मानेसर सब-डिविजन के अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि कनेक्शन देने में अब कोई देरी नहीं होगी। बैठक में एक्सईएन सुशील ठाकरान, एसडीओ अमन राठी, अनिल मलिक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

More From Author

सोहना में बड़ा हादसा: झुग्गी में लगी आग, सब कुछ हुआ खाक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *