गुरुग्राम। आईएमटी मानेसर क्षेत्र में रोड रेज की एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां एक कंपनी के एचआर अधिकारी पर कार टक्कर के बाद तीन युवकों ने बेसबॉल बैट और क्रिकेट डंडे से हमला कर दिया। हमले में अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके कान पर चार टांके लगाने पड़े।

ड्यूटी से घर लौटते समय हुआ हमला
पीड़ित नितेश भाटिया सेक्टर-4 स्थित मुंजाल किरीयू कंपनी में मानव संसाधन (एचआर) अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी कार से सेक्टर-1 मानेसर स्थित हिमालयन सोसाइटी में अपने घर लौट रहे थे।
जब वे सरिता हांडा कंपनी के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही बिना नंबर प्लेट की एक ऑल्टो कार ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद मारपीट और धमकी
टक्कर के बाद जब नितेश भाटिया अपनी कार से नीचे उतरे, तो ऑल्टो कार में सवार तीन युवक उनसे बहस करने लगे। आरोप है कि अचानक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
बताया जा रहा है कि एक युवक के हाथ में बेसबॉल बैट और दूसरे के पास क्रिकेट डंडा था। तीनों ने मिलकर नितेश पर हमला कर दिया। इस दौरान उनके कान में गंभीर चोट आई, जिस पर चार टांके लगाने पड़े। इसके अलावा हाथ और पैर में भी चोटें आई हैं।
पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने दर्ज किया केस
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
