मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना: गुरुग्राम में 13 जनवरी तक दस्तावेज अपलोड नहीं किए तो निरस्त होगा आवेदन

गुरुग्राम। मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत आवेदन करने वाले गुरुग्राम नगर निगम क्षेत्र के हजारों लाभार्थियों के लिए जरूरी सूचना सामने आई है। एडीसी सोनू भट्ट ने बताया कि योजना के अंतर्गत जिन पात्र आवेदकों ने अब तक अपने सर्वे फॉर्म से संबंधित दस्तावेज अपलोड नहीं किए हैं, उन्हें मंगलवार 13 जनवरी दोपहर 2 बजे तक यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी। तय समय सीमा के बाद अधूरे आवेदन स्वतः रद्द कर दिए जाएंगे।

एडीसी सोनू भट्ट के अनुसार आवेदक Survey.hfaharyana.in पोर्टल पर अपनी एप्लीकेशन आईडी और पंजीकृत मोबाइल नंबर के जरिए लॉगिन कर अपने सर्वे फॉर्म की स्थिति जांच सकते हैं। उन्होंने कहा कि सभी जरूरी दस्तावेज सही और स्पष्ट रूप से अपलोड होना अनिवार्य है, ताकि आवेदन को मुख्यालय भेजा जा सके।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना का लाभ उन्हीं परिवारों को मिलेगा, जिनकी वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से कम है और जिनके नाम पर पहले से कोई पक्का मकान दर्ज नहीं है।

एडीसी ने यह भी बताया कि दस्तावेज अपलोड करने या सर्वे फॉर्म पूरा करने में किसी प्रकार की दिक्कत आने पर लाभार्थी एडीसी कार्यालय, जेडक्रीम टीम, सीपीएलओ अथवा संबंधित कर्मचारियों से सहायता ले सकते हैं।

योजना के तहत गुरुग्राम नगर निगम क्षेत्र में लगभग 6,000 पात्र परिवारों को ईडब्ल्यूएस फ्लैट उपलब्ध कराए जाएंगे। विभाग को कुल 12,384 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 11,294 आवेदनों का सत्यापन पूरा किया जा चुका है, जबकि 1,090 आवेदन अभी लंबित हैं। जांच प्रक्रिया के बाद योग्य आवेदकों को आगे की प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।

एडीसी सोनू भट्ट ने अपील की है कि जिन आवेदकों ने अभी तक अपना सर्वे फॉर्म पूर्ण नहीं किया है, वे अंतिम तिथि से पहले सभी औपचारिकताएं पूरी कर लें, ताकि उनका आवेदन रद्द होने से बच सके।

More From Author

फर्जी दुष्कर्म और यौन शोषण मामलों पर सख्त हुआ हरियाणा महिला आयोग

चमकता नकली सोना बना ठगी का हथियार, गुरुग्राम पुलिस ने अंतरराज्यीय ठग को दबोचा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *