रविवार सुबह गुरुग्राम की सड़कों पर युवाओं का जोश और उमंग देखने लायक था। लेजर वैली पार्किंग से शुरू हुई नमो युवा रन में करीब 10 हजार प्रतिभागियों ने कदम से कदम मिलाकर दौड़ लगाई। दौड़ का मुख्य संदेश था – “नशा मुक्त समाज, स्वस्थ भारत।”

केंद्रीय विद्युत, आवास एवं शहरी मामले मंत्री मनोहर लाल ने हरी झंडी दिखाकर इस भव्य आयोजन की शुरुआत की।
युवाओं के नाम समर्पित रहा आयोजन
मनोहर लाल ने कहा कि आज का दिन पूरी तरह युवाओं को समर्पित है। उन्होंने कहा – “हमारा देश सबसे युवा देश है। 65% आबादी युवाओं की है और इन्हीं के दम पर भारत दुनिया में नई ऊंचाइयां छू रहा है। हरियाणा के खिलाड़ी और युवा पूरे देश का नाम रोशन कर रहे हैं।”

मेहनत और फिटनेस पर जोर
मंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे आगे बढ़ने के लिए मेहनत में कमी न रखें। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर ही सफलता की कुंजी है, इसलिए युवाओं को दौड़ और योग जैसी गतिविधियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।
गांधी से मोदी तक – स्वच्छता का संकल्प
अपने संबोधन में उन्होंने याद दिलाया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का सपना था स्वच्छ भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस सपने को स्वच्छ भारत मिशन के जरिए साकार कर रहे हैं। इस पखवाड़े के दौरान स्वच्छता, पौधारोपण और रक्तदान जैसे नौ प्रमुख अभियान चलाए जा रहे हैं।
बड़े नेताओं की मौजूदगी
इस मौके पर हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता मंत्री गौरव गौतम, राजू बिसला समेत कई प्रमुख हस्तियां भी मौजूद रहीं।
चाक-चौबंद इंतजाम
जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने दौड़ को सफल बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए। रूट डायवर्ट, स्वास्थ्य सेवाएं, जलपान और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रही। डीसी अजय कुमार ने कहा कि इस आयोजन से न केवल स्वस्थ जीवन का संदेश गया, बल्कि समाज में एकता और सकारात्मक सोच को भी बढ़ावा मिला।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
दौड़ के साथ-साथ आयोजन स्थल पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोगों का मनोरंजन किया। जुंबा डांस, हरियाणवी लोकनृत्य, भंगड़ा और संगीत कार्यक्रमों ने युवाओं का उत्साह दोगुना कर दिया। इस आयोजन में स्कूल, कॉलेज, रनर्स क्लब, सामाजिक संगठनों और आरडब्ल्यूए का सहयोग भी देखने को मिला।
