गुरुग्राम। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सोमवार को गुरुग्राम पहुंचे। यह उनका हरियाणा का पहला दौरा था। दिल्ली बॉर्डर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्हें खुली जीप में बैठाकर एनएच-48 स्थित भाजपा कार्यालय गुरुकमल तक लाया गया। इस दौरान पुष्प वर्षा और बाइक रैली भी निकाली गई।

भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नितिन नबीन ने स्वामी विवेकानंद की जयंती और राष्ट्रीय युवा दिवस का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने हमेशा युवा शक्ति पर भरोसा किया और आज देश का युवा भारत के विकास में अहम भूमिका निभा रहा है।
विपक्ष पर साधा निशाना
नितिन नबीन ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने का काम करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब ये लोग विदेश जाते हैं तो भारत के संविधान और देश के खिलाफ बयान देते हैं।

बदले भारत की तस्वीर
उन्होंने कहा कि वर्ष 2011 के समय हालात अलग थे, लेकिन आज जम्मू-कश्मीर के लाल चौक पर तिरंगा लहरा रहा है। उन्होंने इसे बदले हुए भारत की पहचान बताया। साथ ही राम मंदिर निर्माण का जिक्र करते हुए कहा कि यह देश की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है।

युवाओं और रोजगार पर जोर
नितिन नबीन ने कहा कि केंद्र सरकार की स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया और मेक इन इंडिया जैसी योजनाओं से युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बन रहे हैं।
सीएम नायब सिंह सैनी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार ने बीते 11 वर्षों में हरियाणा की राजनीति में बदलाव किया है। उन्होंने बताया कि सरकार ने बिना पर्ची-बिना खर्ची के एक लाख 80 हजार युवाओं को रोजगार दिया है। चुनावी वादे के अनुसार 24 हजार युवाओं को परिणाम आते ही नौकरी दी गई।

कार्यक्रम में मौजूद रहे ये नेता
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, मंत्री गौरव गौतम, विधायक मुकेश शर्मा, सोहना विधायक तेजपाल तंवर और पटौदी विधायक बिमला चौधरी सहित कई भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
विधायक मुकेश शर्मा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद की जयंती पर युवा दिवस मनाना देश की युवा शक्ति को सम्मान देने का अवसर है।
