अब खत्म होगा ओल्ड दिल्ली रोड का जाम? मेट्रो और फ्लाईओवर को लेकर बड़ा फैसला

ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो परियोजना के डिजाइन में बड़ा बदलाव किया जा रहा है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) के आग्रह पर गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (GMRL) ने ओल्ड दिल्ली रोड पर मेट्रो लाइन को फ्लाईओवर के ऊपर बनाने पर सहमति दे दी है।

अब सुशील ऐमा मार्ग के जुड़ाव से लेकर गांव डूंडाहेड़ा स्थित हनुमान मंदिर तक करीब सवा किलोमीटर लंबा मेट्रो ट्रैक फ्लाईओवर के ऊपर तैयार किया जाएगा। इसके बाद मेट्रो लाइन शंकर चौक की दिशा में मुड़ जाएगी।

फ्लाईओवर और मेट्रो से ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
जीएमडीए ने राजीव चौक से रेलवे रोड, सेक्टर-3-5 रोड, शीतला माता मंदिर, अतुल कटारिया चौक से कापसहेड़ा बॉर्डर होते हुए द्वारका एक्सप्रेसवे तक फ्लाईओवर निर्माण की व्यापक योजना बनाई है। इसी मार्ग में ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो परियोजना भी शामिल है।

दो दिन पहले जीएमडीए और जीएमआरएल के अधिकारियों के बीच बैठक हुई, जिसमें यह निर्णय लिया गया कि सुशील ऐमा मार्ग से ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो को निकालने के बाद ओल्ड दिल्ली रोड पर इसकी ऊंचाई बढ़ाई जाएगी, ताकि फ्लाईओवर और मेट्रो दोनों का निर्माण एक साथ किया जा सके।

पहले यह था मेट्रो का रूट प्लान
पहले योजना थी कि सुशील ऐमा रोड से मेट्रो को ओल्ड दिल्ली रोड, राव गजराज मार्ग होते हुए दिल्ली-जयपुर हाईवे पर शंकर चौक से जोड़ा जाए। हालांकि, नमो भारत ट्रेन रूट में बदलाव के बाद ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो परियोजना के रूट में भी संशोधन किया गया।

सलाहकार नियुक्त करेगा जीएमडीए
ओल्ड दिल्ली रोड पर प्रस्तावित फ्लाईओवर के निर्माण को लेकर जीएमडीए ने सलाहकार नियुक्त करने के लिए आवेदन आमंत्रित कर दिए हैं। अगले एक महीने में सलाहकार की नियुक्ति की जाएगी, जिसे डिजाइन तैयार करने के लिए दो महीने का समय दिया जाएगा।

मेट्रो परियोजना पर तेजी से काम जारी
ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के पहले चरण के तहत जीएमआरएल ने टेंडर जारी कर दिया है और काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। दूसरे चरण के तहत करीब 15 किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन के निर्माण के लिए टेंडर दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। जीएमआरएल की योजना इस माह के अंत तक दूसरे चरण का टेंडर जारी करने की है।

जाम से मिलेगी बड़ी राहत
सोमवार से शुक्रवार तक ओल्ड दिल्ली रोड पर यातायात अत्यधिक दबाव में रहता है। सुबह और शाम के समय अतुल कटारिया चौक से उद्योग विहार पहुंचने में 45 मिनट तक लग जाते हैं। हजारों लोग रोजाना ओल्ड गुरुग्राम से उद्योग विहार कार्य के लिए आते-जाते हैं, जिससे भारी ट्रैफिक जाम लगता है। फ्लाईओवर और मेट्रो परियोजना पूरी होने के बाद इस समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।

स्टेशन के लिए आधा एकड़ जमीन की जरूरत
जीएमआरएल अधिकारियों के अनुसार, फ्लाईओवर के ऊपर मेट्रो निर्माण की स्थिति में सेक्टर-21 में एक बड़ा स्टेशन बनाया जाएगा। इसके लिए करीब आधा एकड़ जमीन की आवश्यकता होगी। यदि आसपास हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) की जमीन उपलब्ध होती है तो उसका उपयोग किया जाएगा, अन्यथा भूमि अधिग्रहण नीति के तहत जमीन खरीदी जाएगी।

More From Author

गुरुग्राम में बेखौफ बदमाश! ज्वेलरी शॉप में दिनदहाड़े धावा, एक दबोचा

एक हफ्ता, हजारों चालान और करोड़ों का जुर्माना — गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस की सख्त कार्रवाई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *