बीच सड़क पर 15 गाड़ियों का रील शो!
रविवार शाम गुरुग्राम के सेक्टर-108 के पास स्थित शोभा सिटी के बाहर द्वारका एक्सप्रेसवे का नज़ारा किसी फिल्म शूटिंग सेट से कम नहीं था। करीब 15 गाड़ियाँ एक काले रंग की लग्जरी कार के चारों ओर खड़ी की गईं और बीच सड़क पर रील शूटिंग शुरू हो गई।
10 मिनट तक पूरा एक्सप्रेसवे जाम
वीडियो फुटेज के अनुसार, ये ड्रामा करीब 10 मिनट तक चला। इस दौरान अन्य वाहन चालकों को खास परेशानी का सामना करना पड़ा। कई ने रास्ता बदल लिया, तो कुछ गाड़ियों को रुककर शूटिंग खत्म होने का इंतज़ार करना पड़ा।
सनरूफ से झांकते युवक, हॉर्न और सायरन से हंगामा
शूटिंग के दौरान कई युवक गाड़ियों की सनरूफ और खिड़कियों से बाहर झांकते और लटकते दिखाई दिए। तीन युवक मोबाइल फोन से वीडियो बनाते दौड़ते-भागते दिखे। सभी गाड़ियों के इंडिकेटर ऑन, सायरन और हॉर्न से सड़क का माहौल हंगामाखेज़ बन गया।
पुलिस ने पल्ला झाड़ा, शिकायत का इंतज़ार
हालांकि, इस पूरी घटना का 2 मिनट 23 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, लेकिन पुलिस का कहना है कि उन्हें अब तक कोई शिकायत नहीं मिली है। पुलिस का बयान है कि शिकायत मिलने पर युवकों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
